बुधवार, 26 जून 2019

*महापुरुष किसी भी राजनैतिक दल की बपौती नहीं देश की अनमोल धरोहर है*

*प्रकाशनार्थ*

*महापुरुष किसी भी राजनैतिक दल की बपौती नहीं देश की अनमोल धरोहर है*

*हस्तक्षेप / दीपक कुमार त्यागी एडवोकेट*
*स्वंतत्र पत्रकार व स्तंभकार*

हमारे देश में आयेदिन जिस तरह से चंद लोगों व राजनेताओं के द्वारा महापुरुषों का अपमान किया जाने लगा है वह सरासर गलत है. अपमान करने वाले ये वो लोग हैं जो कि बार-बार चर्चाओं में बने रहने के लिए, राजनैतिक लाभ लेने के लिए देश में अपनी राजनीति चमकाने के लिये देश की अनमोल धरोहर महापुरुषों के अपमान करने से भी बाज़ नहीं आते हैं. जो कि बहुत ही निदंनीय व अक्षम्य कृत्य है. वैसे देश के मौजूदा हालात ऐसे है कि आयेदिन देश में राजनैतिक नौटंकी के चलते महापुरुषों पर प्रश्नचिन्ह लगाना आजकल फैशन बन गया है. हाल के दिनों की बात करे तो अभी कुछ समय पूर्व हुए लोकसभा चुनावों के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी पर अभद्रतापूर्ण टिप्पणी की गयी थी जिसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस तरह कहा कि वो कभी भी दिल से साध्वी प्रज्ञा को माफ नहीं करेंगे वह बहुत उचित वक्तव्य था लेकिन उस पर धरातल पर भी अमल होना चाहिए तब ही लोगों के लिए नजीर बनेगी. हमारे सभ्य समाज में जब रोजाना के आपसी व्यवहार तक में किसी के लिए भी अभद्र भाषा, आपत्तिजनक शब्दों के लिए कोई स्थान नहीं है तो हमको यह अधिकार किसने दिया की हम अपनी ओछी राजनीति के लिए देश की अनमोल धरोहर महापुरुषों पर अभद्र टिप्पणी करें. आज जिसे देखो वो ही अपनी सुविधानुसार महापुरुषों के द्वारा अपने समय में लिये गये निर्णय व किये गये कार्यों का आकलन करने लग जाता है. हम लोग भी यह सोचने के लिये तैयार नहीं होते हैं कि किसी भी व्यक्ति के द्वारा जो निर्णय लिया गया जाता है वो उस समय के समयानुसार देशकाल व परिस्थितियों को देख कर लिया जाता है. अगर हम आज उसका वर्षों बाद आकलन करने बैठ गये तो वो ही निर्णय आज के समय के लोगों को आज के समयानुसार देशकाल व परिस्थितियों के चलते सही व गलत कुछ भी लग सकता है. लेकिन हम इसके चलते अपने महापुरुषों व पुर्वजों के मानसम्मान को ठेस पहुंचाने लगे तो वो उचित नहीं होगा. वैश्विक स्तर पर देखें तो सम्पूर्ण विश्व में राजनीतिक और वैचारिक मत-भिन्नताओं के कारण किसी भी व्यक्ति के कार्यों की व्याख्या अलग-अलग होती हैं, जिनके आधार पर सभी लोग अपने देश की राजनीतिक परंपराएं अपने नायक-नायिकाएं व प्रतिकों का चुनाव करते हैं तथा किसी अन्य महापुरुष पर प्रश्नचिन्ह लगाये बिना अपने आदर्श से जीवन भर प्रेरणा ग्रहण करते हैं. लेकिन हमारे देश का मामला कुछ अलग है. हमारे यहाँ महापुरुषों को नेता व राजनीतिक दल और सरकारें अपने-अपने संकीर्ण दायरों में बांधकर उन पर अधिकार जमाना चाहती हैं. अधिकांश नेताओं व राजनैतिक दलों के हालात यह है कि वो महापुरुषों पर कब्जा तो करना चाहते हैं, लेकिन वो इन महापुरुषों की विचारधारा, नीतियों व संदेश पर जरा भी अमल करने के लिए तैयार नहीं हैं, जो सरासर बहुत गलत रवैया है.

पिछले कुछ दशकों से देश में महापुरुषों को भी अपनी जरूरत व स्वार्थ के हिसाब से अलग-अलग जाति-धर्म में बांटने की जबरदस्त साजिश चल रही है. आज देश के तमाम महापुरुषों को चाहे वो राष्ट्र-निर्माता रहे हो, राजनेता रहे हो, समाज सेवा करनेवाले हो, विचारक या दार्शनिक हो या फिर किसी धर्म समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले धर्मगुरु रहे हो, उन सभी को चंद नेताओं व चंद लोगों की ओछी मानसिकता के चलते वर्तमान संदर्भो में किसी ना किसी जाति-धर्म से जोड़ कर देखा जाने लगा है. ऐसा इसलिए हो गया हैं कि क्योंकि नेताओं ने वर्तमान में उनकी प्रासंगिकता को अपने स्वार्थ के लिए ओछी राजनीति के दायरें में बांधने का काम किया है. अगर हम महापुरुषों को किसी राजनैतिक दल या जाति-धर्म विशेष का बताते है तो वो उनका घोर अपमान है. महर्षि दयानंद, स्वामी विवेकानंद, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, मौलाना अबुल कलाम आजाद, लाल बहादुर शास्त्री, अब्दुल गफ्फार खां आदि ना जाने कितनी ऐसी शख्सियात हैं, जिनका वैचारिक उत्तराधिकारी हमारा पूरा देश है. ना कि ये किसी राजनैतिक दल या एक जाति-धर्म समुदाय की धरोहर हैं, लेकिन दुर्भाग्य से आज उनकी अच्छी वैचारिक छवि पर भी षड़यंत्रकारी लोगों की कृपा से आयेदिन देश में जमकर ओछी राजनीति होती है, देश के सियासतदार अपने स्वार्थ के लिए इनका भी ओछी राजनीति के लिए जमकर उपयोग करते हैं. देश की आजादी की लड़ाई में शामिल हमारे वो राजनेता जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के बाद भी भारत को एक मजबूत लोकतांत्रिक देश बनाने में जीवन भर अपना अनमोल महत्वपूर्ण योगदान दिया था, आज उनसे देश की आजादी के 72 वर्ष बाद भी कुछ नेताओं के चलते बार-बार हिसाब मांगा जा रहा है और देश के राजनेताओं के द्वारा तथ्यों को तोड़मरोड़कर पेश कर के उनकी छवि को अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए धूमिल किया जा रहा है.

आज देश में राजनैतिक पार्टियां जिस तरह से अपनी राजनीति को परवान चढ़ाने के लियें अपनी सुविधा के अनुसार देश के महापुरुषों के मानसम्मान से खिलवाड़ करने की ओछी हरकत करने में लगी हैं वो  देशहित के लिए ठीक नहीं है और साथ ही साथ देश की एकता अखंडता व अमनचैन को कायम रखने के लिये बहुत बड़ा खतरा है. क्योंकि देश में आज राजनैतिक दलों के साथ-साथ उनके बहकावे व उकसावे में आकर देश के अलग-अलग राजनैतिक विचारधारा के नेता व कुछ आम लोग भी महापुरुषों को जाति-धर्म व पार्टी विशेष से जोड़ने लगे हैं जो कि बेहद शर्मनाक और दुःखद है. हमारे देश का इतिहास गवाह है कि जितना खून हमने दुश्मन से युद्ध में नहीं बहाया उसे अधिक खून हमने पिछले कुछ दशकों में महापुरुषों के नाम पर इंसान व इंसानियत का कत्ल करके बहा दिया है. क्योंकि देश में कुछ लोग ऐसे मानसिक गुलाम पैदा हो गये है जो कि नेताओं के उकसावे में आकर उन्माद और धर्मांधता के शिकार होकर किसी हैवान से कम नहीं हैं. जो महापुरुषों के नाम पर लोगों को आपस में लड़ाकर देश को दिन-प्रतिदिन कमजोर कर रहे हैं. कोई भी महापुरुष कट्टरता अपनाने की इजाजत नहीं देता है. आज समय की सबसे बड़ी मांग है फिरका-परस्ती की बातें करने वालों को हम सभी देशवासी संगठित होकर मुंह तोड़ जवाब दें. जो चंद नेता व लोग वोटों के लिए आम-जनमानस में महापुरुषों के नाम पर दुष्प्रचार करके नफरत के बीज बोने का काम कर रहे हैं हम उनका सार्वजनिक जीवन में बहिष्कार करें. हालांकि यह भी तय है कि देश की जनता समय आने पर उनको सख्त सजा देकर कठोर सबक सिखाएगी क्योंकि हिंदुस्तान जैसा आपसी प्यार सद्भाव विश्व में कहीं देखने को नहीं मिलता है. लेकिन अब वह समय आ गया हैं जब देश के सभी जिम्मेदार आम नागरिकों को देश के अमनचैन को कायम रखने की खातिर ठंडे दिमाग से सोचना होगा कि महापुरुष किसी राजनैतिक दल की बपौती या धरोहर नहीं होते हैं बल्कि वो देश की अनमोल धरोहर होते हैं उनके दिखाये मार्ग से ही सीखकर देश आज विश्व में विकास के रोज नित नये आयाम व कीर्तिमान स्थापित कर रहा है. देश में आज राजनैतिक दलों के चंद लोग अपनी उकसाने वाली ओछी हरकतों से देश के राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी पर भी अपने बेहुदे कुतर्क पेश कर रहे हैं. हालात यह हो गये है कि देश के चंद राजनैतिक लोग आज अपने स्वार्थ के लिए व वोटों की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप लगाने के लिए महापुरुषों की प्रतिमा तक तो गिरावा देते हैं. लेकिन इन छोटी ओछी मानसिकता वाले चंद लोगों को यह भी हमेशा ध्यान रखना चाहिये कि प्रतिमा गिरने से कभी किसी की विचारधारा खत्म नहीं हो जाती है. लोगों के मन, कर्म व जीवनशैली में विचारधारा हमेशा जिंदा बनी रहती है और सबसे बड़ी बात यह है कि हमारें प्यारे देश में तो लोकतंत्र की निष्पक्ष जड़े इतनी गहरी हैं कि आप जबरन किसी पर भी अपनी या अपने दल की या किसी अन्य के विचार व विचारधारा थोप नहीं सकते हैं चाहें वो किसी के भी विचार व विचारधारा का क्यों ना हो.

आज हमारे देश में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, जवाहर लाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगतसिंह, बिस्मिल, गोलवलकर, लाल बहादुर शास्त्री, पेरियार, लोहिया, इंदिरा गाँधी, चौधरी चरण सिंह, राजीव गाँधी आदि सबकी विचारधारा व विचारों के पालन करने वाले लोग रहते है. इन सभी के विचार व विचारधारा एक या अलग-अलग होने के बाद भी देश के आम नागरिकों के मन व कर्म में हमेशा बनी रहती है और यही हमारे देश के आम-आदमी व आजाद लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबी है. इसी खूबी के चलते ही विश्व में भारतीय लोकतंत्र को सबसे अधिक स्वतंत्र व निष्पक्ष माना जाता है और इस खूबी को हमेशा अपने देश व समाज में बना कर रखना आज हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. आज हम सभी देशवासियों का दायित्व है कि सभी विचारधाराओं का सम्मान करते हुए राजनैतिक दलों के उकसावे में आकर अपने महापुरुषों का अपमान ना करें उन्हें जाति-धर्म में ना बाट़े, बल्कि हमेशा उनका दिल से मान-सम्मान करते हुए देश को विकास के पथ आगे बढ़ाने का कार्य करें.

जय हिन्द जय भारत
मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान

बुधवार, 19 जून 2019

*राजनीति के लिए वंदे मातरम् पर विवाद क्यों*

*प्रकाशनार्थ*

*राजनीति के लिए वंदे मातरम् पर विवाद क्यों*

*हस्तक्षेप / दीपक कुमार त्यागी एडवोकेट*
*स्वतंत्र पत्रकार व स्तंभकार*
*अध्यक्ष, श्री सिद्धिविनायक फॉउंडेशन (SSVF)*

संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने मंगलवार को वंदे मातरम् पर एकबार फिर विवादित बयान देकर देश की राजनीति में उथल-पुथल मचा दी है। बर्क ने संसद में शपथ लेने के बाद कहा था कि “जहां तक वंदे मातरम् का ताल्लुक है, यह इस्लाम के खिलाफ है। हम इसका पालन नहीं कर सकते।” आपको बता दें कि बर्क पहले भी सार्वजनिक रूप से वंदे मातरम् का विरोध कर अपनी मानसिकता का परिचय दे चुके हैं। बर्क के इस बयान के बाद अब वंदे मातरम् पर एकबार फिर राजनीति तेज हो गयी हैं। राष्ट्रभक्ति का प्रमाण पत्र बाट़ने वाले नेता अपने घातक शब्दबाणों के साथ युद्ध के मैदान में हाजिर है वो कह रहे हैं कि बर्क की मानसिकता आजादी से पहले मुस्लिम लीग वाली है। इनके जैसे लोगों के लिए देश में जगह नहीं। वैसे देखा जाये तो अपनी ओछी राजनीति के लिए बार-बार वंदे मातरम् पर विवाद कुतर्कों के साथ बेवजह चंद अज्ञानी वोटरों को खुश करने के लिए खड़ा किया जाता रहा है जो कि बहुत ही निंदनीय है व देशहित में उचित नहीं है।

“जहाँ तक मुझे समझ आता है वंदे मातरम् पर सारे विवाद ओचित्य विहीन व बेमानी हैं। किसी राष्ट्र कि पहचान से जुड़े प्रतीक, राष्ट्रगान, और राष्ट्रगीत हम सभी देशवासियों के लिए सर्वोपरि होते हैं। उसका आदर सम्मान करने में हमें कभी कोई धर्म नहीं रोकता, सभी धर्मों में देशभक्ति और संविधान का दर्जा सर्वोच्च होता है। इसलिए वंदे मातरम् व अन्य राष्ट्रीय प्रतिकों पर बार-बार विवाद खड़ा करने वाले लोगों को कम से कम अब तो समझ लेना चाहिए कि राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत व राष्ट्र प्रतीक विवाद के लिए नहीं होते बल्कि हम सबको गर्व करने के लिए होते है। उन पर विवाद खड़ा करके हम देश की एकता अखंडता व अमनचैन का अहित करने का काम करते है।"

इस ताजे विवाद के बाद देश के आम-जनमानस में आज एकबार फिर वंदे मातरम् को लेकर बहस शुरू हो गयी है। अधिकांश आम लोगों का मत है कि हमारे देश के राजनेता आज अपनी राजनैतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए बार-बार राजनीति में धर्म के नाम पर झूठ-प्रपंच बोलकर जनता को बरगलाने का काम करते हैं। जो कि देश के सर्वांगीण विकास के लिए ठीक नहीं हैं। आम-जनमानस का मानना है हाल के कुछ वर्षों में देश के कुछ नेता हर मसले में धर्म की आड़ लेकर देश को पाकिस्तान की तरह पिछड़ा बनाने पर तुले हुए है। लेकिन फिर भी देश के भाग्यविधाता हमारे अधिकांश राजनेताओं पर इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि उनके बोले गये शब्दबाणों का आम जनता पर बहुत प्रभाव होता हैं। उन्हें तो केवल धर्म के नाम पर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करके अपनी राजनीति चमकाना पसंद है। देश का हित व अहित आज के इन तथाकथित नेताओं के लिए कोई मायने नहीं रखता है। ध्यान देने योग्य बात यह भी है कि ये जो अधिकांश कट्टरपंथी जमात के लोग धर्म के नाम पर देश में आयेदिन नौटंकी करते है हकीकत में इनका स्वयं धर्म से कोई नाता नहीं होता है। ये तो इतना भी नहीं जानते हैं कि धर्म हमको जीवन को अनुशासित ढंग से जीना सिखाता है, ना कि अनुशासनहीनता करना सिखाता है। आज हमारे देश में अधिकांश धर्म के ठेकेदार केवल धर्म के नाम पर अनुशासनहीनता ही करके उसको ही धर्म का कार्य बताते हैं। जबकि कटु सत्य यह हैं कि इन चंद लोगों को ना तो धर्म, ना समाज व ना देश की चिंता हैं इनको केवल अपनी चिंता है और ये वो लोग है जो कि अपने निजी ऐजेंडा को पूरा करने के लिए सभी नियम, कायदे, कानून व सिद्धांतों को एक पल में तिलांजलि दे देते है।

उसी तरह से ही इन ठेकेदारों द्वारा वंदे मातरम् पर भी बेवज़ बार-बार विवाद खड़ा किया जाता है जिस आजादी के तराने वंदे मातरम् को कभी देश के गली मोहल्ले गाँव व शहर में गाते हुए, देश की आजादी के सपने को पूरा करने के लिए हमारे अनगिनत देशभक्तों ने अपने प्राण न्योछावर करके स्वतंत्र भारत का सपना साकार किया था। उसी आजादी के तराने वंदे मातरम् पर आज हमारे कुछ राजनेताओं की ओछी हरकत देखकर लगता है कि ये लोग आजादी के तरानों को भी धर्म के चश्मे से देखकर बाट़ने का काम कर रहे हैं। जो वंदे मातरम् , राष्ट्रगान व तिरंगा राष्ट्रध्वज हमारे आजाद भारत देश की विश्व समुदाय में अपनी अलग पहचान या अस्मिता कायम करने के लिए बेहद जरूरी है, जिसको हासिल करने के लिए ना जाने कितने लोगों ने फांसी का फंदा चूमने का काम किया था, जिसके सम्मान को बरकरार रखने के लिए आजाद भारत में ना जाने कितने जाबांज जवान सीमाओं पर हर पल शहीद होने के लिए तत्पर हैं। लेकिन देश की आनबानशान के उन प्रतीकों पर कुछ नेता लोग धर्म की आड़ लेकर बार-बार प्रश्न चिन्ह लगा कर ना जाने क्या साबित करना चाहते है। आजकल हर काम में विवाद खड़ा करके टीआरपी हासिल करना कुछ नेताओं काम बन गया है। उनके लिए देशहित की जगह निजीहित व राजनैतिक हित सर्वोपरि हो गया है। उसके चलते ही ये लोग वोटों की खातिर देश के चंद अज्ञानी लोगों को खुश करने के लिए व अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए देश की पहचान वंदे मातरम् , राष्ट्रगान और राष्ट्रध्वज पर भी बार-बार विवाद खड़ा करके सवालिया निशान लगाते हैं जो कि सरासर गलत हैं व देशहित में ठीक नहीं है। यह लोग यह भी समझने के लिए तैयार नहीं हैं कि देश संसद में बनाये गये नियम, कायदे, कानून व संविधान से चलता है ना कि किसी धार्मिक गुरु व धर्म के ठेकेदार के द्वारा बनाये गये नियम से या उनके द्वारा बताये गये धार्मिक ग्रंथ में लिखे नियमों से चलता हैं। फिर भी जानबूझकर देश में आयेदिन धर्म की ओट लेकर नियम कायदे, कानून की धज्जियाँ उड़ायी जाती है। लेकिन आज हम सभी को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि देश की एकता अखंडता को बरकरार रखने के लिए मौजूदा दौर में जब देश में राष्ट्रवाद जैसे गम्भीर मामले पर एक अलग ही तरह की हवा चल रही है तो उस समय किसी देश को एकजुटता के सूत्र में पिरोकर रखने के लिए सिर्फ राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रतीक ही काफी नहीं हैं बल्कि प्रत्येक आमजन को इस तरह के बेहद ज्वंलत मसले पर सार्वजनिक रूप से बेहद सोच समझकर बोलने व आचरण करने की आवश्यकता हैं। अगर कोई किसी से सहमत नहीं हैं तो उसको सार्वजनिक जीवन में ऐसा आचरण नहीं करना चाहिए कि जिससे किसी दूसरे की भावनाओं को ठेस पहुंचे। यहाँ हमको यह समझना होगा कि अच्छा देश वह है जिसके निवासी आपस में भावनात्मक रुप से एकदूसरे से जुड़े हो और लोगों के बीच दिल से भावनात्मक जुड़ाव सुख-दुःख की आपसी साझेदारी होना बहुत महत्वपूर्ण है तब ही देश में अमनचैन शांति कायम रह सकती है। किसी भी देश में लोगों का राष्ट्रध्वज, राष्ट्रगान व अन्य राष्ट्रीय प्रतिकों के प्रति श्रद्धा के पीछे भी यहीं जुड़ाव और साझेदारी कार्य करती है। जिसका सभी देशवासियों को समझते हुए सम्मान करना होगा तब ही देश में विकास संभव है। हमारा समाज चूंकि बहुत गतिशील है, इसलिए लोगों में कोई भी आपसी सहमति, समझौता और भावनात्मक एकजुटता सार्वकालिक नहीं रह पाती है। इसलिए देश में सदभावना पूर्ण माहौल लगातार बनाए रखने के लिए देशवासियों में आपसी भाईचारा, प्रेम, विश्वास और आत्मीय संवादों को हमेशा बरकरार रखने के लिए आज हम सभी देशवासियों को प्रतिकों की आवश्यकता होती है।

वैसे हमारे देश में नेताओं की मेहरबानी के चलते किसी ना किसी मुद्दे को लेकर आयेदिन गर्मागर्म बहस चलती रहती है लेकिन आजकल देश में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर फिर से एकबार बहस चल पड़ी है। लेकिन देशहित के लिए हमको राष्ट्रगान, राष्ट्रीय गीत या देशभक्ति के ऐसे किसी भी प्रतीक पर विचार व्यक्त करते समय हमें गांधीजी की इन विचारों को भी हमेशा याद रखना चाहिए कि "राष्ट्र की असल बुनियाद हैं परस्पर विश्वास, प्रेम, सद्भाव और आपसी संवाद। इसके बिना कोई भी प्रतीक बेमानी है, निरर्थक है, ऊपरी और दिखावटी है। वह देश को फायदे की जगह केवल नुकसान पहुंचाने वाला ही है।"

इसलिए जहर उगलने बाले नेताओं को सार्वजनिक रूप से कुछ बोलने से पहले यह सोच लेना चाहिए कि उनके बोलने का देश की जनता पर क्या प्रभाव पडे़गा।
आपको बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब बर्क ने वंदे मातरम् का विरोध किया है। इससे पहले भी एक बार उन्होंने वंदे मातरम् के विरोध में संसद से वॉक ऑउट कर किया था। जिसके बाद उन्हें लोकसभा की तत्कालीन स्पीकर मीरा कुमार ने कड़ी नसीहत भी दी थी।

वंदे मातरम् को दिसम्बर 1905 में कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रगीत का दर्जा प्रदान किया गया था, बंग-भंग आंदोलन के दौरान देश में  ‘वंदे मातरम्’ इतना लोकप्रिय हो गया था कि वह राष्ट्रीय नारा बना गया था। 14 अगस्त 1947 की रात्रि में संविधान सभा की पहली बैठक का प्रारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ और समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ हुआ था। वर्ष 1950 में ‘वंदे मातरम’ राष्ट्रीय गीत और ‘जन गण मन’ राष्ट्रगान बना दिया गया था।

आजादी के संघर्ष के दौरान ही देश में  बंकिमचंद्र का यह गीत इतना लोकप्रिय हो गया था कि बाद में बहुत सारे गीतों को पीछे छोड़ते हुए यह देश का राष्ट्रगीत बन गया था। अन्य राष्ट्रों के गीतों से यह मधुर है और इसमें उत्तम विचारों का समावेश है। इस गीत की सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें दूसरे राष्ट्रों के गीतों में जिस प्रकार अन्य राष्ट्रों के बारे में खराब विचार होते हैं ऐसे विचार इस राष्ट्रगीत वंदे मातरम् में नहीं है। साथ ही साथ यह भी बिल्कुल स्पष्ट है कि इस गीत का मुख्य उद्देश्य केवल देश प्रेम का भाव पैदा करना है। इस गीत में भारत देश को माता का रूप देकर उसका स्तुतिगान किया गया है। जिस प्रकार से हम अपनी माँ में सभी उच्च गुणों के होने वाली भावना रखते हैं, ठीक उसी प्रकार कवि ने भी भारत माता में सभी गुण मानकर वंदे मातरम् की रचना की हैं।

देश में 1906 से 1911 तक वंदे मातरम्‌ गीत पूरा गाया जाता था, उस समय इस मंत्र गीत में इतनी जनशक्ति की ताकत थी कि जबरदस्त विद्रोह के भय के चलते बंगाल का विभाजन तक ब्रितानी हुकूमत को वापस लेना पडा था। इस गीत को गाते हुए अनेक भारत माता के लाड़ले सपूत मदनलाल ढींगरा, प्रफुल्ल चाकी, खुदीराम बोस, सूर्यसेन, रामप्रसाद बिस्मिल आदि बहुत से क्रांतिकारियों ने फांसी के फंदे को चूम लिया था। भगत सिंह अपने पिता को पत्र वंदे मातरम्‌ से अभिवादन कर लिखते थे। सुभाषचंद्र बोस की आजाद हिन्द फौज ने इस गीत को अंगीकार किया और सिंगापुर रेडियो स्टेशन से इसका प्रसारण होता था।

स्वतन्त्रता प्राप्ति के बाद तत्कालीन राष्ट्रपति डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद ने संविधान सभा में 24 जनवरी 1950 में 'वंदे मातरम्' को राष्ट्रगीत के रूप में अपनाने सम्बन्धी वक्तव्य पढ़ा जिसे सभी के द्वारा स्वीकार कर लिया गया। उस समय डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद के संविधान सभा को दिया गया वक्तव्य इस प्रकार है,

"शब्दों व संगीत की वह रचना जिसे जन गण मन से सम्बोधित किया जाता है, भारत का राष्ट्रगान है; बदलाव के ऐसे विषय, अवसर आने पर सरकार अधिकृत करे और वंदे मातरम् गान, जिसने कि भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम में ऐतिहासिक भूमिका निभायी है; को जन गण मन के समकक्ष सम्मान व पद मिले। (हर्षध्वनि)। मैं आशा करता हूँ कि यह सदस्यों को सन्तुष्ट करेगा। (भारतीय संविधान परिषद, द्वादश खण्ड, 24-1-1950)"

यह सभी बाते दर्शाती है कि राष्ट्र के निर्माताओं के लिए ‘वंदे मातरम्’ कितना महत्वपूर्ण था और वो इस पर क्या विचार रखते थे जबकि यह ध्यान रहे कि यह वो दौर था जब भारत एक स्वतंत्र राजनीतिक इकाई के रूप में स्थापित नहीं हुआ था और इसके लिए संघर्ष ही चल रहा था। तब यह वंदे मातरम् सभी धर्म के लोगों को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर देता था। तो आज इसके गायन से किसी धर्म  को परेहज कैसे हो सकता है। आज भी हमको यही समझना है कि हमें अपने राष्ट्र भारत का नवनिर्माण रोज-रोज करना है। जिसके लिए हमको देश तोड़ने वाले चंद नेताओं की बातों में ना आकर परस्पर प्रेम, विश्वास, सद्भावना और मैत्रीपूर्ण संवाद के साथ, हमें अपनी विभिन्नताओं को देश की एकता अखंडता के एक सूत्र में पिरोकर समझकर और स्वीकार करके कंधे से कंधा मिलाकर चलना है। तभी हम वंदे मातरम् गीत में व्यक्त कवि की भावनाओं को हकीकत में चरितार्थ कर पाएंगे। लेकिन अफसोस की बात यह हैं कि देश की जनता तो सब समझने के लिए तैयार है। लेकिन हमारे हुक्मरान चंद नेताओं को कौन समझाये कि देशहित सर्वोपरि होता हैं ना कि उनका राजनैतिक हित सर्वोपरि है। इसलिए अब समय आ गया है जब देश की समझदार जनता को वंदे मातरम् पर आयेदिन बेवजह विवाद खड़ा करने वाले लोगों की राजनीति की दुकान को बंद करना होगा और देशहित के लिए कार्य करने वाले ईमानदार लोगों व नेताओं को बढ़ावा देना होगा।

*जय हिन्द जय भारत*
*मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान*