मंगलवार, 1 सितंबर 2020

देशहित व इंसानियत के सशक्त सजग प्रहरी थे कांग्रेस के ओजस्वी राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार



कांग्रेस के ओजस्वी राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी भारतीय राजनीति का वो नाम है जिसके लिए देशहित, इंसान व इंसानियत की रक्षा करना हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता था, जिसके लिए पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन विकट से विकट परिस्थितियों में भी करना बेहद आवश्यक था, जो जीवन भर अपने  सिद्धांतों पर अडिग रहे, जो सनातन धर्म के सभी सिद्धांतों का दिल से अटूट आस्था विश्वास व श्रद्धा के साथ बिना किसी आडंबर व दिखावे के हमेशा पालन करते थे। हालांकि ईश्वर ने उनको उम्र बहुत कम दी और बहुत जल्द अपने श्रीचरणों में बुला लिया, लेकिन यह भी सत्य है कि ईश्वर के आशीर्वाद व आम जनमानस की दुआओं के चलते ही एक मध्यवर्गीय गैर राजनीतिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आम साधारण नौकरीपेशा व किसान परिवार की पृष्ठभूमि से आया नोजवान भारतीय राजनीति के राष्ट्रीय पटल पर बहुत ही कम समय में सकारात्मक राजनीति करते हुए आम जनमानस के दिलोदिमाग पर जबरदस्त ढंग से छा गया था, जो की देश के मौजूदा राजनीतिक माहौल में बेहद कठिन कार्य है। राजनीति में इस कार्य को बखूबी अंजाम देकर के कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदरणीय स्वर्गीय राजीव त्यागी जी ने आम जनमानस के इस सपने को साकार कर दिया था। अपनी वाकपटुता सरलता से वो बहुत कम समय में देश के आम आदमी के सुख-दुख की बेहद सशक्त आवाज़ बन गये थे।
किसी एक राजनीतिक दल की समर्थकों की सीमाओं से ऊपर उठकर देश के आम जनमानस के बीच बेहद लोकप्रिय कांग्रेस के वाकपटु दमदार ओजस्वी राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी जी का 12 अगस्त की शाम को हृदयाघात होने के कारण आकस्मिक निधन हो गया था। प्रभु की इस इच्छा पर मुझ जैसे उनके प्रशंसकों को अभी तक भी विश्वास नहीं हो पा रहा है। मेरा मन आज भी बार-बार यह सोच कर विचलित हो जाता हैं कि ताउम्र एक वह व्यक्ति जो कि किसी भी कार्य से अगर प्रातः 4 बजे भी घर से जब बाहर निकलता था, तो भी रोजमर्रा की तरह ही कम से कम तीन घंटे सर्वशक्तिमान ईश्वर की आराधना अवश्य करता था, उसके साथ ईश्वर ने ऐसा क्यों किया। राजीव जी के लिए हमेशा अपने गुरु की आज्ञा सर्वोपरि रही थी, वो उसका हर परिस्थिति में पालन अवश्य करते थे। मन यह सोचकर विचलित हो उठता है कि जिस व्यक्ति की दिनचर्या बेहद सादगी भरी सदाचार से परिपूर्ण धार्मिक व सात्विक रही हो, जो व्यक्ति शुद्ध शाकाहारी व हमेशा गरिष्ठ भोजन से दूर रहता हो, जिस व्यक्ति में जीवनपर्यंत किसी भी प्रकार का कोई व्यसन नहीं रहा हो, जिस व्यक्ति को ईश्वर ने शानदार निरोगी काया दे रखी हो, उस शानदार व्यक्तित्व के धनी राजीव त्यागी को ईश्वर ने आखिरकार एक पल में हम से कैसे छीन लिया। वैसे तो ईश्वर की इच्छा के आगे किसी का भी कोई बस नहीं चलता है, लेकिन राजीव त्यागी जी के हर समय हंसते हुए चेहरे के यूं अचानक चले जाने ने झकझोर कर रख दिया है। उनके आकस्मिक निधन के बाद से ही देश में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया व सोशल मीडिया में राजीव त्यागी जी के सकारात्मक मिलनसार शानदार व्यवहार की लगातार चर्चा हो रही है। उनके धुर राजनीतिक विरोधी भी हमेशा प्यार भरे व्यवहार के चलते उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। अपने इस व्यवहार के चलते ही भारतीय राजनीति में सच्चे राजनेता व शानदार इंसान के रूप में हमेशा याद रखें जायेंगे राजीव त्यागी जी।

आज हम राजीव त्यागी जी के जीवन से जुड़ी चंद बाते जानकर उनको अश्रुपूरित विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। मूल रूप से बिजनौर जनपद के नजीबाबाद तहसील के गांव हरेवली निवासी एक मध्यवर्गीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार में 29 सितंबर 1967 को जनपद मेरठ में जन्मे राजीव त्यागी जी की प्रारंभिक से लेकर इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पिता वाई. वी. त्यागी के सरकारी नौकरी में होने के चलते केन्द्रीय विद्यालय मेरठ व हरिद्वार में हुई थी, उन्होंने ग्रेजुएशन दो पार्ट में हरिद्वार व मेरठ के कॉलेज से किया था, वो हरिद्वार में कॉलेज के छात्रसंघ के सचिव भी रहे, इसके बाद राजीव जी पढ़ने के लिए गाजियाबाद आ गये और उन्होंने प्रतिष्ठित कॉलेज से एमबीए किया और उस कॉलेज की छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रहे। उसके पश्चात उन्होंने देश की जानीमानी कम्पनियों में नौकरी करके परिवार का जीवनयापन करते हुए विभिन्न सामाजिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करना शुरू कर दिया था। 
राजीव त्यागी जी ने देश की राजधानी दिल्ली के पास उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद को अपना स्थाई निवास व कर्मभूमि बनाते हुए कार्य करना शुरू कर दिया। 

दिल्ली व गाजियाबाद में एक एमबीए पास युवा अपनी विशिष्ट भाषा शैली व मिलनसार व्यक्तित्व के चलते विभिन्न राजनीतिक लोगों व दलों का अपनी तरफ ध्यान आकर्षित कर रहा था, जिसके चलते राजीव त्यागी को वर्ष 1997 में चौधरी अजीत सिंह की पार्टी "भारतीय किसान कामगार पार्टी" का जनपद गाजियाबाद का युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया, जो पार्टी कुछ समय बाद "राष्ट्रीय लोकदल" के नाम से जाने जाने लगी थी, नयी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलते ही राजीव त्यागी जी अपनी मेहनत व हौसले के बलबूते लक्ष्य हासिल करने के लिए जीवन पथ पर तेजी से बढ़ चले। अपनी इस शुरुआत की राजनीतिक पारी में ही राजीव त्यागी ने दृढ़संकल्प ईमानदारी से आम लोगों के हक की लड़ाई व संघर्ष के बलबूते राजनीतिक सफलता की नित नई इबारत लिख डाली। उनके बेहद चर्चित राजनीतिक घटनाक्रमों में गाजियाबाद में आवास विकास परिषद की वसुंधरा योजना के अधिग्रहण से प्रभावित किसानों के हक की लड़ाई लड़ना जिसके लिए वो जेल भी गये थे, उसके बाद उन्होंने महंगाई व किसानों के हक को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को पिलखुवा के सिखेड़ा गांव में काला झंडा दिखाकर आम जनमानस की आवाज़ को बुलंद किया जिसमें प्रशासन ने उन्हें जेल भेज दिया था। किसानों व आम लोगों की समस्या को लेकर तत्कालीन मंत्री लालजी टंडन का वसुंधरा गेस्ट हाउस में जबरदस्त घेराव किया था जहां पर प्रशासन ने उन्हें व उनके सहयोगियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। एमएमएच कॉलेज में छात्रों की विभिन्न समस्याओं व एलएलबी की सीट कम होने के कारण एक बड़ा आंदोलन चलाया और 47 लोगों के साथ जेल गये थे। गाजियाबाद के डासना में स्थिति हिंडन रीवर मिल में मजदूरों के हक की आवाज़ को दमदार ढंग से उठाते हुए आंदोलन चलाया, इस आंदोलन के दौरान पुलिस को बल प्रयोग व गोली तक चलानी पड़ी थी लेकिन फिर भी मौके पर निडरता व निर्भीकता के साथ राजीव त्यागी जी अडिग रहे। दिल्ली में एकबार संसद के घेराव कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पुलिस के द्वारा की गयी तीन स्तरीय बेरिकेटिंग को तोड़कर संसद के घेराव का प्रयास किया था जहां पर जमकर लाठीचार्ज हुआ और उनको  दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। धौलाना क्षेत्र के रिलायंस पावर प्रोजेक्ट के अधिग्रहण से प्रभावित किसानों के हक की लड़ाई बहुत लम्बे समय तक धरातल पर आंदोलन करके सर्वोच्च न्यायालय तक लड़कर किसानों को उनकी जमीन वापस दिलाई, राजीव त्यागी जी के द्वारा किये आंदोलनों की लम्बी लिस्ट है। राजीव त्यागी जी अपने जीवनकाल में पांच बार आम जनमानस के हक की लड़ाई लड़ते हुए जेल गये थे। प्रधानमंत्री को काला झंडा दिखाने के बाद वर्ष 1999 में राजीव त्यागी जी अपनी हिम्मत व हौसले के बल पर गाजियाबाद से निकल कर एकाएक राष्ट्रीय पटल पर छा गये थे, अचानक उन्होंने खुद को मेहनत के बलबूते भारतीय राजनीति में जबरदस्त चर्चा में ला दिया था, इसी वर्ष उन्होंने "राष्ट्रीय लोकदल" को अलविदा कह कर उत्तर प्रदेश के तत्कालीन प्रदेशाध्यक्ष सलमान खुर्शीद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली और अपनी नयी एतिहासिक राजनीतिक यात्रा की शुरुआत कर दी। कांग्रेस पार्टी में उन्होंने वर्ष 2004 के चुनाव से पहले श्रीमती सोनिया गाँधी जी के "सघन जनसम्पर्क अभियान" रोड शो का उत्तर प्रदेश में सफलतापूर्वक कोआर्डिनेशन किया। वर्ष 2005 कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों में पीआरओ के साथ अटेच होकर चुनाव कराने के लिए पूरे प्रदेश का दौरा किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की तत्कालीन मुलायम सिंह सरकार के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा ऑर्गनिज़ की गयी यात्रा "आखिर क्यों" में उत्तर प्रदेश के 48 जनपदों का भ्रमण किया जिसमें उन्होंने 4500 किलोमीटर की यात्रा करके कांग्रेस की नीतियों का प्रचार प्रसार किया। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2007 में हुए विधान सभा के चुनाव से पहले श्री राजीव त्यागी जी ने श्री राहुल गाँधी जी के प्रथम रोड शो "सघन जनसम्पर्क अभियान" को कोआर्डिनेट किया। वह तीन बार उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रहे। वर्ष 2009 के लोक सभा चुनाव में उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी द्वारा चुनाव पर्यवेक्षक बनाकर अलवर भेजा। वर्ष 2012 से राजीव त्यागी जी कांग्रेस के प्रवक्ता के रूप में पार्टी की निरंतर सेवा कर रहे थे और निरंतर एक योद्धा की तरह न्यूज़ डिबेट्स में पार्टी व आम लोगों का पक्ष बेहद मजबूती से रख रहे थे। उनको उत्तराखंड विधानसभा चुनाव, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव और वर्ष 2019 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा मीडिया कोऑर्डिनेटर भी नियुक्त किया गया, जहाँ उन्होंने कांग्रेस के एक सच्चे सिपाही के रूप में पार्टी की तरफ से अपनी ज़िम्मेदारी निष्ठा व ईमानदारी से निभाई। राजीव त्यागी जी अक्सर लोगों से कहा करते थे कि पार्टी मेरी माँ है और माँ को कभी धोखा नहीं दिया जाता बल्कि उसका हमेशा ध्यान रखा जाता है, उनके आचरण में यह बात आखिरी सांस तक नजर आती थी, उन्होंने ने देश सेवा व कांग्रेस पार्टी को अपना तन मन धन व अंत में जीवन भी समर्पित कर दिया। वो देश की एकता अखंडता बरकरार रखने के लिए हमेशा बेहद चिंतित रहते थे, वो देश में व्याप्त हो चुका हिन्दू-मुसलमान के बीच खाई के जहरीले वातावरण को समाप्त करके आपसी भाईचारे को हमेशा मजबूत करना चाहते थे, वो हमेशा इंसान व इंसानियत की रक्षा की बात करते थे, वो देश में आम लोगों के हक की सशक्त आवाज़ बनकर उभर रहे थे, देश व देशवासियों के उज्जवल भविष्य की दिल में चिंता लिए और कांग्रेस पार्टी के सिद्धांतों की रक्षा के लिए अंत में वो शहीद हो गये, उन्होंने देश सेवा व पार्टी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, अब लोगों व विशेषकर कांग्रेस पार्टी का दायित्व बनता है कि वो आजीवन उनको जन्मदिवस व पुण्यतिथि पर याद रखें और हमेशा उनके परिवार का हर तरह से ध्यान रखें, यही हम लोगों व कांग्रेस पार्टी की तरफ से एक भारत माता के लाड़ले सच्चे सपूत सिद्धांतवादी शानदार व्यक्तित्व के धनी बेहतरीन इंसान पुण्यात्मा आदरणीय राजीव त्यागी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

शनिवार, 13 जून 2020

विश्व रक्तदान दिवस 14 जून पर विशेष - जिंदगी में रखना ध्यान रक्त की कमी से न जाये किसी व्यक्ति की जान

विश्व रक्तदान दिवस 14 जून पर विशेष -

जिंदगी में रखना ध्यान रक्त की कमी से न जाये किसी व्यक्ति की जान  

दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप
स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार

14 जून के दिन को 'विश्व रक्तदान दिवस' के रूप में विश्व के बहुत सारे देशों में बड़े पैमाने पर स्वैच्छिक रक्तदान करके मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य है कि किसी भी व्यक्ति के जीवन को बचाने के लिए अगर उसको कभी अचानक रक्त की ज़रूरत पड़े, तो उसके जीवन के लिए सुरक्षित रक्त उस समय उसके आसपास के लोगों की रक्तदान करने के प्रति जागरूकता की वजह से सुलभता से उपलब्ध हो सके और रक्त के लिए उसको या उसके परिजनों को पैसे देने की ज़रूरत न पड़े। किसी व्यक्ति की जिंदगी में रक्त बेहद आवश्यक जीवन रक्षक तत्व है, क्योंकि रक्त ही हमारे शरीर के सभी ऊतकों और अंगों के लिए महत्वपूर्ण जीवन रक्षक पोषण प्रदान करता है। इसलिए 'विश्व रक्तदान दिवस' समाज में लोगों को जागरूक करके स्वैच्छिक रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित करने का एक महान परिवर्तन लाने के उद्देश्य से मनाया जाता हैं। वैसे भी रक्तदान एक ऐसा जीवन रक्षक कारगर उपाय है जिसका अनुसरण करने से अचानक हुई किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा, दुर्घटना, हिंसा और चोट के कारण घायल, गंभीर बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति, जीवन दायनी मातृ शक्ति को डिलिवरी के समय और नवजात बच्चों की देखभाल में रक्त की आवश्यकता, थैलीसीमिया जैसी गंभीर बिमारी से पीड़ित बच्चों को रक्त की आवश्यकता और किसी भी व्यक्ति के जीवन में समय-समय पर अन्य अनेक प्रकार की सुरक्षित रक्त की जरूरत वाली आकास्मिक परिस्थितियों से निकलने के लिए समाज के बहुत सारे इंसान व इंसानियत के मित्र अच्छे व जागरूक लोगों के द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान को अपनाया जाता है।

विश्व रक्तदान दिवस का इतिहास -  
इस दिन को महान वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर की जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है,  कार्ल लैंडस्टीनर का जन्म 14 जून 1868 को ऑस्ट्रिया के शहर वियाना में हुआ था। उन्होंने ही रक्त के विभिन्न ब्लड ग्रुप का पता लगाया था और यह जाना था कि एक व्यक्ति का खून बिना किसी जांच के दूसरे व्यक्ति को नहीं चढ़ाया जा सकता है, क्योंकि हर एक व्यक्ति का ब्लड ग्रुप अलग-अलग होता है। कार्ल लैंडस्टीनर का अपनी खोज के अनुसार तर्क था कि दो व्यक्तियों के अलग-अलग ब्लड ग्रुप संपर्क में आने के साथ रक्त के अणुओं पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। कार्ल लैंडस्टीनर ने वर्ष 1900-1901 के दौरान खून के एबीओ रक्त समूह और रक्त में मिलने वाले एक बेहद अहम तत्व आरएच फैक्टर की जीवन की रक्षा के लिए बेहद आवश्यक खोज को अंजाम देकर, लोगों के अनमोल जीवन को बचाने के लिए मील के पत्थर वाली खोज को सफलतापूर्वक पूर्ण किया था। शरीर विज्ञान के लिए किये गये अभूतपूर्व खोज के कार्य के लिए ही वर्ष 1930 में उन्हें नोबल पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। अपनी जीवन रक्षक महान खोज के कारण उन्हें ट्रांसफ्यूजन मेडिसन का पितामह भी कहा जाता है। इसलिए इस महान ऑस्ट्रियाई जीवविज्ञानी और भौतिकीविद की याद में उनके जन्मदिन 14 जून को 'विश्व स्वास्थ्य संगठन' द्वारा हर साल 'विश्व रक्तदान दिवस' के रूप में वर्ष 2004 से मनाया जाता है। वर्ष 1997 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 100 फीसदी स्वैच्छिक रक्तदान की जीवन रक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण नीति की नींव डाली थी। वर्ष 1997 में संगठन ने यह लक्ष्य रखा था कि विश्व के प्रमुख 124 देश अपने यहाँ स्वैच्छिक रक्तदान को ही बढ़ावा दें, लेकिन लगभग 49 देशों ने ही इस नीति पर अभी तक अमल किया है। आज दुनिया में यह स्थिति है कि तंजानिया जैसे छोटे देश में भी 80 प्रतिशत रक्तदाता किसी को रक्त देने के एवज में पैसे नहीं लेते हैं, ब्राजील में तो यह क़ानून है कि आप रक्तदान करने के पश्चात् किसी भी प्रकार की सहायता नहीं ले सकते। ऑस्ट्रेलिया के साथ साथ कुछ अन्य देश भी हैं जहाँ पर रक्तदाता  रक्त के बदले पैसे बिलकुल भी नहीं लेते। लेकिन अभी भी कई देश ऐसे हैं जिनमें अपना देश भारत भी शामिल है, जहां बहुत सारे  रक्तदाता अभी भी रक्त देने के बदले चोरीछिपे या खुलेआम पैसे ले लेते हैं।

भारत में रक्तदान की स्थिति पर 'विश्व स्वास्थ्य संगठन' के आंकड़ों  पर नजर डाले, तो उसके अनुसार  देश में सालाना एक करोड़ यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है, लेकिन बहुत प्रयास के बाद भी करीब 75 फीसदी रक्त ही बमुश्किल उपलब्ध हो पाता है, जिसके चलते लगभग 25 लाख यूनिट रक्त के अभाव में हर साल लाखों मरीज़ असमय काल का ग्रास बन जाते हैं। अफसोस की बात यह है कि केंद्र व राज्य सरकार, देश की बहुत सारी स्वंयसेवी संस्थाओं और जागरूक युवाओं की टोली के धरातल से लेकर प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया तक सामुहिक प्रयास के बाद भी 135 करोड़ की आबादी वाले देश में स्वैच्छिक रक्तदाताओं का आंकड़ा कुल आबादी का एक प्रतिशत भी नहीं पहुंच पाया है। जिसका एक बहुत बड़ा कारण यह है कि लोगों में रक्तदान से जुड़ी जागरुकता का ना होना और उनके बीच में रक्तदान करने के बारे में बिना वजह का भय होना जिम्मेदार है।

चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार भारत में कुल रक्तदान का केवल 59 फीसदी रक्तदान स्वैच्छिक होता है। जबकि हम देश की पढ़ीलिखी राजधानी दिल्ली की बात करें तो स्वैच्छिक रक्तदान मात्र केवल 32 फीसदी ही हो पाता है। दिल्ली में लगभग 53 ब्लड बैंक हैं लेकिन फिर भी लगभग एक लाख यूनिट रक्त की हर वर्ष कमी होती है। वहीं दुनिया के कई सारे ऐसे छोटे-छोटे देश हैं जो इस मामले में भारत को काफ़ी पीछा छोड़ देते हैं। जैसे कि नेपाल में कुल रक्त की ज़रूरत का 90 फीसदी स्वैच्छिक रक्तदान से पूरा होता है तो हमारे पड़ोसी देश श्रीलंका में 60 फीसदी, थाईलैंड में 95 फीसदी, इंडोनेशिया में 77 फीसदी और बर्मा में 60 फीसदी रक्त की जरूरत का हिस्सा लोगों के द्वारा किये गये स्वैच्छिक रक्तदान से पूरा हो जाता है।

आज अपने लोगों के अनमोल जीवन को बचाने की खातिर, देश में लगातार चल रहे उस 25 लाख यूनिट रक्त के अभाव को जल्द से जल्द खत्म करने के लिए हम सभी देशवासियों को संकल्प लेकर धरातल पर कारगर ठोस पहल करनी होगी। हमको बहुत जल्दी समझना होगा कि किसी व्यक्ति के द्वारा रक्तदान करना एक अन्य व्यक्ति को जीवन प्रदान करने वाली बेहद महत्वपूर्ण घटना होती है, इसलिए हम सभी लोग हमेशा कहते हैं कि रक्तदान महादान होता है, इसका दान करने से किसी का व्यक्ति का बेहद अनमोल जीवन समय रहते रक्त मिलने से बचाया जा सकता है। आपके रक्त की हर एक बूंद का कतरा-कतरा किसी व्यक्ति के नव जीवन का कारगर स्रोत बन सकता है। हम सभी को अपने जीवन में हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि रक्त की कमी से कभी किसी व्यक्ति की जान न जाए और हर जरूरतमंद व्यक्ति को निशुल्क सुरक्षित रक्त सुलभता से प्राप्त हो। हमको भविष्य में देश में यह लक्ष्य रखना होगा की रक्त के बदले रक्त मिलने झंझट से स्वैच्छिक रक्तदाताओं की बदोलत मुक्ति मिले। आज देश में रक्त की कमी को दूर करने के लिए समाज के लोगों द्वारा जागरूकता करने के ठोस सामुहिक प्रयास धरातल पर रोजमर्रा के व्यवहार में होने चाहिए। लेकिन एक अच्छी बात यह भी है कि आज लोगों की जान बचाने की बेहतरीन सोच के साथ देश में स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने वाले युवा वर्ग के बहुत सारे लोग रक्त के जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित ढंग से रक्तदान करके जान बचाने की मुहिम में निस्वार्थ सेवा भाव से बड़ी संख्या में लगे हुए हैं। स्वयं मैंने भी वर्ष 1998 में प्रथम बार रक्तदान किया था जब से ही यह प्रक्रिया लगातार चल रही है, न जाने अभी तक मैंने मेरे दोस्तों व मेरे भाईयों ने हर तीन माह के बाद कितनी बार रक्तदान किया है इसका जीवन में कभी हिसाब नहीं रखा है, बस हम सभी को रक्तदान करके एक बहुत ज्यादा आत्म संतुष्टि का भाव मिलता और किसी के जीवन बचाने की खुशी जो मिलती है उसका शब्दों में बयां करना मुश्किल है। रक्तदान करने के अपने अनुभव के आधार  पर मैं रक्तदान करने में भय का सामना करने वाले उन सभी लोगों से कहना चाहता हूँ कि रक्तदान करने के बाद मुझको तो कभी भी कोई समस्या नहीं हुई है बल्कि हमेशा आत्मसंतुष्टि मिलती है।
आज भी रक्तदान करते समय एक तो रेयर ब्लड ग्रुप वाले कुछ लोगों की रक्तदान न करने की इच्छा देखकर बेहद आश्चर्य होता है और वहीं कुछ लोगों की ओछी सोच व बिना मतलब का भय देखकर बहुत अफसोस होता है। कभी-कभी तो स्थिति यह होती है कि व्यक्ति खुद व अपने बच्चों को तो अपने ही मरीज को रक्त देने के लिए तैयार नहीं कर पाते हैं और बाहर के लोगों को बुलाकर उनका रक्त अपने मरीज के लिए बहुत बड़े अधिकार से लेते हैं ऐसे लोगों को समय रहते अपनी सोच को जल्द से जल्द बदलना होगा। जबकि हमारे डॉक्टर व सरकार लगातार कहते है कि एक स्वस्थ व्यक्ति को तीन माह के अंतराल पर रक्तदान करने से शरीर को कोई हानि नहीं होती है, 21 दिन में पुनः रक्त का निर्माण हो जाता है, मेरा स्वयं का अनुभव है कि रक्तदान करने के बाद हमेशा मेरे शरीर को नये जोश व स्फूर्ति का अनुभव होता है। वैसे भी डॉक्टरों के अनुसार रक्तदान करने से आपके शरीर को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता है, बल्कि आपको बहुत सारे लाभ होते हैं। जैसे कि आपको किसी का जीवन बचाने पर आत्मसंतोष मिलता है। रक्तदान करने से आपके शरीर में रक्त में स्वच्छता बनी रहती है और नया रक्त बनने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। डॉक्टरों के अनुसार शोध से पता चलता है कि रक्तदान करने से रक्तदाता के शरीर में जमा कोलेस्ट्रॉल की मात्रा नियंत्रित होती है और ह्रदय रोग की संभावना कम हो जाती है। भविष्य में कभी रक्त की आवश्यकता होने पर आपको स्वयं के लिए या आपके परिवार के किसी सदस्य के लिए ब्लड बैंक से रक्त लेने में आपको हमेशा प्राथमिकता मिल जाती है।


रक्तदान पर मैं अपनी चंद पंक्तियों के माध्यम से सभी से कहना चाहता हूं कि - 

"हम जिंदगी में रखेंगे हमेशा ध्यान,
देश में अब रक्त की कमी से न जायेगी,
किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की जान,
यह है हमारा कर्म सबसे बड़ा और महान,
वैसे भी दुनिया वालों रक्तदान होता है महादान,
इसलिए जागरूक बनकर करों हमेशा,
लोगों के जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान ।।"

हमारे देश में रक्तदान करने को लेकर अभी तक नाममात्र की जागरूकता है, देश के युवा वर्ग में  रक्तदान करने को लेकर पूरी तरह से जागरूकता आनी अभी बाकी है। रक्तदान करने के संदर्भ में देश में अशिक्षित लोगों के साथ-साथ शिक्षित वर्ग के भी अधिकांश लोगों ने भी तरह-तरह की भ्रांतियां अपने मन में पाल रखी हैं, अधिंकाश लोगों में अब भी यह भ्रांति फैली हुई है कि एकबार या बारबार रक्तदान करने से शरीर में रक्त की भारी कमी हो जाती है, जो कि डॉक्टरों के अनुसार एकदम असत्य बात है, जबकि सत्य यह है कि रक्तदान करने से शरीर में रक्त की कोई कमी नहीं होती है, बल्कि रक्त बढ़ता है और शरीर में नये शुद्ध रक्त का नव संचार होता है। एक स्वस्थ मनुष्य में रक्तदान करने के बाद 21 दिनों के भीतर ही शरीर अपनी जरूरत के मुताबिक पुनः रक्त निर्माण कर लेता है। इसलिए किसी भी स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करने से बिल्कुल भी नहीं बचना चाहिए।  
आज हम सभी देशवासियों को यह संकल्प लेना चाहिए कि भविष्य में किसी भी व्यक्ति की जान अपने देश में अब रक्त के अभाव में नहीं जायेगी और किसी भी व्यक्ति के अनमोल जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान करना हम सभी लोगों की एक बेहद महत्वपूर्ण नैतिक व सामाजिक जिम्मेदारी होगी, जिसका हम सभी विशेषकर देश के युवा वर्ग के लोगों को बेहद जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना है। आज हम लोगों को हमेशा उन सभी लोगों की मदद करने के लिए तत्पर तैयार रहना चाहिए जिन्हें वक्त बेवक्त रक्त की आवश्यकता पड़ती है, यही सबसे बड़ी सेवा है। क्योंकि हमारे सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा के अनुसार "नर सेवा ही नारायण सेवा है।" 

।। जय हिन्द जय भारत ।।
।। मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान ।।

शनिवार, 6 जून 2020

बड़े-बड़े धनासेठों को मदद करना सीखना होगा अभिनेता सोनू सूद से

बड़े-बड़े धनासेठों को मदद करना सीखना होगा अभिनेता सोनू सूद से 

दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप
स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार

देश में कोरोना वायरस संक्रमण का भयावह आपदाकाल चल रहा है, हर वर्ग के लोगों का अपनी व अपने परिवार के लोगों की अनमोल जिंदगियों को बचाने के लिए लॉकडाउन में लगातार संघर्ष जारी है। इस घातक आपदा के समय में देश के अलग-अलग हिस्सों में फंसे हुए देश के शिल्पकार मजदूर बहुत परेशान हैं, वह रोजीरोटी की दिक्कत होने के चलते जल्द से जल्द अपने घर वापस जाना चाहते हैं, आपदा के समय में भारी संख्या में मजदूर सिस्टम से निराश व हताश होकर पैदल, साईकिल, रिक्शा, आटो रिक्शा व अन्य अवैध साधनों से अपनी जान जोखिम में डालकर घर वापस जा रहे थे। सरकार के स्तर पर मजदूरों को घर वापस भेजने के जो प्रयास किये जा रहे थे वो नाकाफी साबित हो रहे थे। उस समय मजदूरों को देश के बड़े-बड़े धनासेठों से मदद की बहुत ज्यादा उम्मीद थी, हालांकि बहुत सारे लोगों ने गरीब मजदूरों की अपनी क्षमता के अनुसार भोजन राशन आदि देकर मदद भी की, लेकिन वो इस भयंकर कोरोना वायरस संक्रमण के आपदाकाल में जब हर तरफ सब कुछ कामधंधा बंद था तो उस समय नाकाफी हो रही थी। 

इस बेहद मुश्किल समय में जब लोग बेहद परेशान होकर परदेश में अपने परिवार से दूर लाचार चिंतित होकर बैठे थे। तो ऐसे ही हजारों लाचार मजबूर लोगों की मदद के लिए देश में एक हाथ अभिनेता सोनू सूद के रूप में आगे बढ़ा जिसने देश के इन लाचार गरीब मजबूर मजदूरों को सहारा देकर उनके घर वापस भेजकर परिवार से मिलाने की ठानी। सोनू सूद अपने इस एक कदम से फिल्मों की रील के हीरो से एकाएक मजबूर लोगों की रियल लाइफ में जान बचाने वाले हीरो बनकर उभरे हैं। भयंकर आपदा के समय में जरूरतमंद मजबूर लोगों की मदद करके सोनू सूद आज लाखों लोगों के रियल हीरो बन गये हैं। आज देश में स्थिति यह हो गयी है कि अभिनेता सोनू सूद अपनी समाजसेवा के दम पर फिल्मी दुनिया के साथ-साथ सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बेहद चर्चित चेहरे बन गये हैं, आज देश में सोनू सूद के मदद के हजारों कारनामों पर ऐसी जबरदस्त स्क्रिप्ट लिखी गई है जो शायद आज से पहले कभी किसी फिल्मी दुनिया के व्यक्ति के बारे में शायद ही लिखी गई हो। जिस तरह से अपनी रोजीरोटी गंवा चुके लोगों के लिए अभिनेता सोनू सूद ने अपनी तिजोरी का ताला आपदा में लाचार मजबूर हो गये हजारों गरीब मजदूरों की मदद करने के लिए खोल दिया वह बहुत काबिलेतारीफ है। अभिनेता सोनू सूद ने लॉकडाउन के दौरान महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि देश में जगह-जगह फंसे लाचार मजदूरों को उनके घर सकुशल वापस भेजने के लिए इंतजाम करके समाज के लिए एक समाजसेवी के रूप में इंसानियत की एक बहुत बड़ी नजीर पेश की है, आज कोरोना के आपदाकाल में सोनू सूद देश में बड़े समाजसेवी दानवीर भामाशाह के रूप में स्थापित हो गये हैं। आज देश में एक भरोसेमंद मददगार व्यक्ति के रूप में अभिनेता सोनू सूद की लोकप्रियता इतनी अधिक हो गयी है कि वो अब सरकार पर भी भारी पड़ रहे हैं। भूख-प्यास से तड़पते लोगों के लिए वो संकट के समय में दूसरा जीवन देने वाले 'देवदूत' बनकर सामने उभर कर आए हैं। जिस तरह से पिछले कई हफ्तों से लॉकडाउन की वजह से मुंबई में फंसे लाचार मजबूर मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए 'घर भेजो' अभियान को खुद सोनू सूद ने सड़क पर उतरकर रोजाना घंटों-घंटों मेहनत से काम करके
धरातल पर चलाकर पूर्ण रूप से कामयाब बनाया है, उसकी जितनी प्रसंशा की जाये वो कम है। उन्होंने केवल मुंबई में फंसे मजदूरों की ही नहीं बल्कि और भी बहुत सारे जरूरतमंदों की मदद की हैं। हाल ही में सोनू सूद ने केरल के एर्नाकुलम में फंसी 177 लड़कियों को भी एयरलिफ्ट करवाकर उनके घर भेजा था। जिसके चलते उनकी सभी ने खूब तारीफ की थी। साथ ही वह लगातार हजारों जरूरतमंद लोगों के लिए रोजाना भोजन-पानी आदि की व्यवस्था करके भूखे-प्यासे लोगों का पेट भर रहे है। आज सोनू सूद के इस लोगों के मदद करने वाले अभियान की देश ही नहीं विदेशों में भी चर्चा है। देश के बॉलीवुड सेलेब्रिटी, मंत्री से लेकर संतरी तक अब अभिनेता सोनू सूद की तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पा रहे हैं।

आज के आपदाकाल के दौर में फिल्मी सितारों व देश के सभी क्षेत्रों के बड़े-बड़े धनासेठों को भी अभिनेता सोनू सूद से सीखने की जरूरत है कि किस प्रकार विपदा के समय में लोगों की मदद करने के लिए अपनी तिजोरियों के ताले खोलकर हाथ बढ़ाकर मजबूर लोगों को सहारा देकर उनकी अनमोल जिंदगियों को बचाया जाता है। कभी रील के हीरो रहे अभिनेता सोनू सूद आज मजबूर लोगों की मदद करके देश की जनता के बीच में रीयल के हीरो बन गये हैं, आज अभिनेता सोनू सूद पर हमको गर्व है। 

।। जय हिन्द जय भारत ।।
।। मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान ।।

गुरुवार, 4 जून 2020

विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष -पर्यावरण संरक्षण स्वस्थ जीवन के लिए बेहद आवश्यक

विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष -

पर्यावरण संरक्षण स्वस्थ जीवन के लिए बेहद आवश्यक

दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप
स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार

5 जून के दिन को हर साल 'विश्व पर्यावरण दिवस' के रूप में पूरी दुनिया में व्याप्त तरह-तरह के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कारगर प्रयासों पर मंथन करके, भविष्य में पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण करने के लिए बेहद आवश्यक कदमों पर अमल करने के उद्देश्य से उसकी रूपरेखा बनाने के लिए नीतिनिर्माताओं के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने के लिए सम्पूर्ण विश्व में आम जनमानस के द्वारा हर वर्ष मनाया जाता है। वैसे भी जब इस दिवस को शुरुआत में मनाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र महासंघ ने पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति वैश्विक स्तर पर सभी देशों के आम जनमानस में राजनीतिक और सामाजिक जागृति लाने के उद्देश्य से वर्ष 1972 में की थी। इसे 5 जून से 16 जून तक संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण सम्मेलन में चर्चा के बाद शुरू किया गया था। उसके बाद ही विश्व में 5 जून 1974 को पहला 'विश्व पर्यावरण दिवस' मनाया गया था। लेकिन सोचने वाली बात यह है कि फिर भी आज विश्व के अधिकांश देशों में बढ़ता प्रदूषण वर्तमान समय की एक सबसे ज्यादा बेहद गंभीर ज्वंलत समस्या बन गया है। कही ना कही विश्व में हर तरफ छिड़ी विकास की अंधाधुंध अव्यवस्थित दौड़ ने जगह-जगह प्रदूषण फैलाने में अपना योगदान देकर हमारी भूमि, जल व वायु को प्रदूषित करके हर तरफ आवोहवा को खराब करने का काम किया है। आज हमारे देश भारत में भी हर तरह का प्रदूषण अपने चरम स्तर पर है, हालांकि देश में पिछले कुछ माह के लॉकडाउन के चलते हर तरफ सभी कुछ बंद होने के कारण पर्यावरण को पुनर्जीवित होने के लिए भरपूर अवसर मिल गया है, जिसके चलते देश में आजकल सभी प्रकार के प्रदूषण से लोगों को काफी राहत मिली है,  लेकिन महत्वपूर्ण विचारणीय प्रश्न यह है कि देश में पर्यावरण की यह स्थिति लगातार किस प्रकार बनी रहे, अब तो चलो कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए देश में हुए लॉकडाउन से पर्यावरण को संजीवनी मिल गयी, लेकिन लॉकडाउन खुलने के पश्चात भविष्य में यह स्थिति किस प्रकार बरकरार रखें यह चुनौती व जिम्मेदारी देश के हर व्यक्ति को समझनी होगी।

आज हम लोग जिस तरह से बहुत तेजी के साथ अव्यवस्थित ढंग से दुष्प्रभाव के बारे में बिना सोचे समझे आधुनिक तकनीकी का इस्तेमाल कर रहे है वह उचित नहीं है। हमारे देश में किसी भी प्रकार से प्रकृति व पर्यावरण के साथ सामंजस्य बनाकर प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन ना करना आज एक बहुत बड़ी चुनौती बन गया है। सभी पक्षों के द्वारा कानून पर्यावरण के सरंक्षण पर होने वाले खर्चों में चोरी छिपे कटौती करके, अत्याधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से प्रदूषण नियंत्रण के नियम कानूनों की अनदेखी करने वाली सोच प्रदूषण कम करने में बहुत बड़ी बाधक है। आज हमारे देश के सारे सिस्टम की सोच देश में स्थापित उधोगों के लिए अपने देश के प्राकृतिक संसाधनों का बहुत ज्यादा दोहन करने की हो गयी है, जिसके चलते हम स्वयं भूमि, जल व वायु को प्रदूषित करके देश को जल्द से जल्द विकसित अर्थव्यवस्था वाले देशों की श्रेणी में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। आज और भविष्य में यह स्थिति हम सभी के स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद घातक है और इस समस्या से हमारे देश के नीतिनिर्माता ही नहीं बल्कि समस्त विश्व के पर्यावरण प्रेमी भी अवगत और चिंतित है। आज खुद मानव जनित घातक प्रदूषण के चलते मनुष्य व जीव जंतु जिस तरह के प्रदूषित वातावरण में रह रहे है, अगर स्थिति को यही पर समय रहते तत्काल नियंत्रित नहीं किया गया, तो आने वाले समय में अब तरह-तरह की समस्याओं के चलते स्थिति दिन-ब-दिन बहुत तेजी से खराब होती जायेगी। यह हालात बरकरार रहे तो देश में बहुत सारी जगहों पर पीने योग्य पानी, सांस लेने के लिए स्वच्छ वायु व केमिकल रहित मिट्टी बीते दिनों की बात हो सकती है। देश में हर तरफ प्रदूषण की भयावह हालात होने के बाद आज भी हमारे देश में बार-बार पर्यावरण संरक्षण को लेकर के नियम कायदा-कानूनों के सही ढंग से अनुपालन के संदर्भ में सर्वोच्च न्यायालय से बेहद तल्ख टिप्पणी आती है, हमारे देश के सिस्टम को प्रदूषण व पर्यावरण से जुड़े बेहद  गंभीर मसलों पर एनजीटी जैसी महत्वपूर्ण शीर्ष संस्था आयेदिन फटकार लगाती रहती है, लेकिन उसके बाद भी पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद आवश्यक प्रभावी कदम कागजों की बंद फाईल से निकल कर धरातल पर न जाने क्यों व किसके दवाब में आसानी से कार्यान्वित नहीं हो पाते हैं। सरकार की बात करें तो देश में बेहद तेजी के साथ बढ़ते प्रदूषण के स्तर के बाद भी पर्यावरण संरक्षण के बेहद ज्वलंत मसले पर केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की रोजमर्रा की कार्यप्रणाली में प्रदूषण नियंत्रण धरातल पर प्राथमिकता में बिल्कुल भी नजर नहीं आता है। आज हम सभी देशवासियों को समय रहते यह समझना होगा कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ 'विश्व पर्यावरण दिवस' पर भाषण देकर, फिल्म देखकर, किताब पढ़कर या लेख लिखकर नहीं हो सकता, बल्कि हर भारतवासियों को अपनी प्यारी धरती के प्रति अपनी जिम्मेदारी दिल व दिमाग दोनों से समझनी होगी, तभी भविष्य में धरातल पर प्रदूषण नियंत्रण के कुछ ठोस प्रभाव नजर आ सकेंगे। लेकिन बेहद अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि चंद लोगों को छोड़कर हमारे देश में पर्यावरण संरक्षण के मसले पर किसी भी पक्ष में कोई गंभीरता नजर नहीं आती है। लेकिन देश में इसकी आड़ में बहुत लम्बे समय से सरकारी फंड की जबरदस्त बंदरबांट जरूर जारी है। हर वर्ष करोड़ों वृक्ष लगा दिये जाते है जो सिवाय कागजों के कहीं नजर नहीं आते हैं। देश में पर्यावरण संरक्षण के बेहद ज्वंलत मसले पर सुप्रीम कोर्ट की तय गाइडलाइंस व एनजीटी के निर्णयों पर अमल की स्थिति को देखकर लगता है कि कही ना कही हमारे देश के सिस्टम की भयंकर इरादतन लापरवाही के चलते सर्वोच्च संस्थाएं अब पर्यावरण संरक्षण के अपने निर्णयों पर अमल कराने में अपने आपको असहाय लाचार महसूस कर रही है।

कोरोना संक्रमण से बचने के लिए देश में किये गये लॉकडाउन के बाद आया 'विश्व पर्यावरण दिवस' इस बार हम सभी लोगों को एक बेहद महत्वपूर्ण सबक देता है कि देश में हर तरफ फैले बेहिसाब घातक प्रदूषण के लिए हम स्वयं जिम्मेदार हैं, क्योंकि जिस तरह से देश में कल-कारखाने व अन्य सभी कुछ कार्य बंद होने के चलते  जल, वायु व भूमि प्रदूषण में चंद दिनों में ही भारी कमी आयी है, उसने सभी विशेषज्ञों को भी आश्चर्यचकित कर दिया है। आज जो नदियां करोड़ों रुपये सालाना स्वच्छता पर खर्च करने के बाद भी साफ नहीं हो पा रही थी,
वह सभी लॉकडाउन में सब कुछ बंद होने के चलते स्वतः साफ हो गयी हैं। लॉकडाउन की वजह से साफ हुए नदी, जल स्रोत, स्वच्छ वायु, साफ नीले तारे टिमटिमाता आसमान, स्वछंद घूमते जीव-जंतु आदि हम सभी को एक बहुत महत्वपूर्ण संदेश देते है कि यह सब घातक प्रदूषण मानव के द्वारा स्वयं पैदा किया गया है। इसलिए प्रकृति का हम सभी लोगों के लिए बिल्कुल स्पष्ट संदेश है कि देश में भूमि, जल, वायु व ध्वनि प्रदूषण कम करने की जिम्मेदारी हमारी खुद की है, आज से ही हम सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जीवनदायिनी प्रकृति के साथ तालमेल बना कर चलना होगा, भविष्य में हमको प्राकृतिक संसाधनों का सोच-समझकर और बेहद सम्भलकर उपयोग करना होगा, तब ही आने वाले समय में देश में पर्यावरण का संरक्षण ठीक से होगा और हम सभी लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को प्रकृति पूर्ण कर पाएगी। आज हमको ध्यान रखना होगा कि प्रदूषण का बढ़ते स्तर का ज्वंलत मुद्दा, आने वाले समय में देशों में सीमा, जाति और अमीर-गरीब की दीवारों को समाप्त करने वाला यह ऐसा मुद्दा होगा जिस पर पूरी दुनिया के लोगों को जीवन को सुरक्षित बचायें रखने के लिए हर हाल में एक होना होगा। आज हमको अपने सेवा भाव, दृढसंकल्प व दृढ इच्छाशक्ति के बलबूते देश में पर्यावरण संरक्षण को भाषणों, फिल्मों, किताबों और लेखों से बाहर लाकर, हर भारतवासी को प्रकृति व पर्यावरण के प्रति अपनी बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को समय रहते दिल व दिमाग दोनों से समझना होगा, तभी भविष्य में प्रदूषण कम होगा और धरातल पर पर्यावरण संरक्षण के कुछ ठोस प्रभाव नजर आ सकेंगे।

।। जय हिन्द जय भारत ।।
।। मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान ।।

मंगलवार, 26 मई 2020

27 मई पुण्यतिथि पर विशेष - माँ भारती के सच्चे सपूत जवाहरलाल नेहरू

27 मई पुण्यतिथि पर विशेष

माँ भारती के सच्चे सपूत जवाहरलाल नेहरू

दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप
स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार

देश की आजादी के संघर्ष में अपना कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करने वाले, आधुनिक भारत के शिल्पकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की आज पुण्यतिथि है, आज हम इस महान हस्ती के बारे में कुछ जानने का प्रयास करते हैं। हालांकि नेहरू के बारे में लिखना सूर्य को दीपक दिखाने के समान है, क्योंकि उनके संस्मरणों से देश की आजादी की गाथा के इतिहास में अनेक अध्याय भरे पड़े हैं। नेहरू एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के साथ-साथ अदभुत आकर्षक व्यक्तित्व के धनी, ओजस्वी वक्ता, उत्कृष्ट लेखक, इतिहासकार, आधुनिक भारत का सपना देखने वाले महान स्वपनदृष्टा थे, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि देश में आधुनिक भारत के शिल्पकार के ख़िताब से नवाज़े जाने का श्रेय अगर किसी एक व्यक्ति को जाता है तो वो नि:संदेह सबसे पहले भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को ही जाता हैं। उन्होंने न केवल देश की आज़ादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाकर अन्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के साथ मिलकर देश को अंग्रेजों की गुलामी के चंगुल से आजाद करवाने में अहम भूमिका निभाई थी, वहीं देश की आजादी के बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में सशक्त आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की पहल करके जिस देश भारत में उस समय सूई तक भी विदेशों से आती हो वहां पर बड़े-बड़े कल-कारखाने लगाकर देश को वास्तव में धरातल पर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया था। नेहरू ने देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की बेहद मजबूती के साथ नींव स्थापित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाकर देश में आम लोगों की आवाज बनने वाली बेहद सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था को दिया था। आज देश में राजनीति के चलते उनके नाम पर चाहे कितने भी अनर्गल आरोप-प्रत्यारोप की बाते होती रहे, लेकिन यह तय है कि जिसने भी नेहरू के बारे में राजनीति से ऊपर उठकर बिना किसी पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर निष्पक्ष होकर जानने का प्रयास किया है, वह देश निर्माण में उनके अनमोल अतुलनीय योगदान को कभी भी भुला नहीं सकता है। उनके किये गये देशहित के कार्यो के लिए हिन्दुस्तान हमेशा उनका ऋणी रहेगा। चंद लोग चाहे कितना भी उनकी छवि को खराब करने का प्रयास कर ले, लेकिन जब भी आजाद भारत के इतिहास की बात शुरू होगी तो नेहरू के देश निर्माण के योगदान की अनदेखी करना असंभव होगा।

नेहरू अपने जीवनकाल में देश में एक बहुत बड़े जननेता के रूप में भारत के आम लोगों के बीच बहुत ही ज्यादा लोकप्रिय रहे हैं। नेहरू की देश की जनता के बीच में इतनी जबरदस्त लोकप्रियता थी कि आज हम और आप शायद उसकी कल्पना भी न कर सकें, नेहरू को सुनने के लिए उस साधन-विहीन दौर में भी लाखों लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो जाती थी। नेहरू की लोकप्रियता इतनी अधिक थी कि वो भारत के साथ-साथ विदेशों में भी बहुत लोकप्रिय थे, जब वो विदेशी दौरे पर जाते थे तो उस समय विदेशी धरती पर भी उनके स्वागत के लिए भारी जनसैलाब उमड़ पड़ता था, विदेशों के लोगों में उनकी निराली धाक थी। भारत के बट़वारे के बाद जिस समय भारत को अंग्रेजों से आजादी मिली थी तो उस समय देश के हालात आर्थिक रूप से बहुत खस्ताहाल व दंगा-फसाद के चलते बेहद तनावपूर्ण थे, इन हालातों को देखकर बहुत सारे ताकतवर देशों को लगता था कि भारत आजाद होने के बाद इस स्थिति को नियंत्रित करके अपने दम पर कैसे खड़ा हो पायेगा। लेकिन उन देशों की इस सोच को नेहरू ने अपने कुशल नेतृत्व से जल्द ही झुठलाने का काम किया, उन्होंने सफलता पूर्वक भारत का नेतृत्व सम्हालकर देश को विकास की नयी गति देने का कार्य किया। उसके बाद से ही विदेशों में अब तक भी नेहरू की बहुत ज्यादा इज्जत होती है। लेकिन अफसोस आज नेहरू के अपने देश भारत में उनके नाम पर आरोप-प्रत्यारोप की ओछी राजनीति जमकर होती है, हालात यह तक हो गये हैं कि नेहरू की विचारधारा व नीतियों को खुद कांग्रेस पार्टी के चंद शीर्ष नेता तक भूल रहे हैं, वो कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से दूसरे दल के नेताओं से सिखाने तक के लिए बोल देते हैं। हाल के वर्षों में कांग्रेस पार्टी के देश में बेहद कमजोर होने के चलते अन्य राजनीतिक दलों के द्वारा हर विफलता के लिए नेहरू को दोष देकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ने का चलन बहुत चल रहा है। कोई भी यह सोचने के लिए तैयार नहीं है कि देश समय काल परिस्थिति बहुत बड़ी होती है अगर वर्षों बाद किसी निर्णय को कसौटी के मापदंडों पर तोला जायेगा तो एक सही निर्णय भी उस समय गलत प्रतीत हो सकता हैं। खैर जो भी हो आज देश में नेहरू के प्रति इतिहास बदलने के चलते काफी स्थितियां बदल गई हैं। अब नेहरू को लेकर राजनीतिक लोगों के द्वारा तरह-तरह के विवादों को जन्म दे दिया गया है। आज देश में बहुत लोग जानते ही नहीं है कि नेहरू ने हमारे देश के लिए क्या किया या वास्तव नेहरू कौन थे। कुछ लोग तो आज की कांग्रेस और उसके चंद नेताओं को देखकर महामानव नेहरू की छवि के बारे में तुलना करके आकलन करने लग जाते हैं। इसके पीछे दशकों तक कुछ राजनीतिक दलों व कुछ लोगों के द्वारा नेहरू के खिलाफ फैलाए गए झूठे तथ्यों के आधार पर किये गये दुष्प्रचार का बहुत बड़ा हाथ है। इसीलिए आज पुण्यतिथि के दिन हम देश व विदेश की धरती पर बेहद लोकप्रिय रहे जवाहरलाल नेहरू के बारे में कुछ बातें अवश्य जानें।

वैसे तो देश के आजाद होने से पहले ही राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ने पंडित जवाहर लाल नेहरू को ही अपनी राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी मान लिया था। लेकिन गांधी जी ने 15 जनवरी, 1942 को वर्धा में हुई अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की बैठक में नेहरू को अपना वारिस सार्वजनिक रूप से घोषित कर दिया था, जबकि उस समय देश में गांधी नेहरू के मनमुटाव की खबर चल रही थी, गांधी जी ने इस अधिवेशन में कहा था कि ‘मुझसे किसी ने कहा कि जवाहरलाल और मेरे बीच अनबन हो गई है। यह बिल्कुल गलत है। जब से जवाहरलाल मेरे पंजे में आकर फंसा है, तब से वह मुझसे झगड़ता ही रहा है। परंतु जैसे पानी में चाहे कोई कितनी ही लकड़ी क्यों न पीटे, वह पानी को अलग-अलग नहीं कर सकता, वैसे ही हमें भी कोई अलग नहीं कर सकता। मैं हमेशा से कहता आया हूँ कि अगर मेरा वारिस कोई है, तो वह राजाजी नहीं, सरदार वल्लभभाई नहीं, जवाहरलाल है। उपरोक्त संस्मरण गांधी जी नेहरू का आपसी विश्वास व प्रेम को प्रदर्शित करता है।

नेहरू आजादी से पहले देश में गठित अंतरिम सरकार और आजाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने थे। देश की स्वतन्त्रता के पूर्व और स्वतंत्रता के पश्चात् की भारतीय राजनीति में नेहरू हमेशा केन्द्रीय व्यक्तित्व के रूप में काम करते रहे थे। वो महात्मा गांधी के संरक्षण में भारतीय स्वतन्त्रता आन्दोलन के सर्वोच्च स्वीकार्य नेता के रूप में देश में उभरे और वो सन् 1947 में भारत के एक स्वतन्त्र राष्ट्र के रूप में स्थापना से लेकर सन् 1964 तक अपने निधन के समय तक, भारत के प्रधानमंत्री के साथ-साथ देश की आम जनता के बीच बेहद लोकप्रिय जननेता के रूप में स्थापित रहे। नेहरू आधुनिक भारतीय राष्ट्र एक सम्प्रभु राज्य, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, और लोकतान्त्रिक गणतन्त्र के शिल्पकार मानें जाते हैं। वह छोटे बच्चों से बहुत प्यार करते थे और बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय होने के चलते बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। इसलिए उनकी जयंती को देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवम्बर 1889 को ब्रिटिश सरकार के आधीन भारत के उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद शहर में हुआ था। उनके पिता मोतीलाल नेहरू देश के प्रतिष्ठित बैरिस्टर थे, वो बेहद धनी भी थे, जो कि कश्मीरी पंडित समुदाय से आते थे और वो देश के स्वतन्त्रता संग्राम के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के दो बार अध्यक्ष चुने गए थे। उनकी माता स्वरूपरानी जो लाहौर में बसे एक सुपरिचित कश्मीरी ब्राह्मण परिवार से थी, वो मोतीलाल नेहरू की पहली पत्नी की प्रसव के दौरान मौत होने के बाद दूसरी पत्नी थी, जवाहरलाल तीन बच्चों में से सबसे बड़े थे, जिनमें बाकी दो लड़कियाँ थी। बड़ी बहन, विजया लक्ष्मी, बाद में संयुक्त राष्ट्र महासभा की पहली महिला अध्यक्ष बनी और सबसे छोटी बहन, कृष्णा हठीसिंग, एक सुप्रसिद्ध लेखिका बनी। मोतीलाल नेहरू ने जवाहरलाल नेहरू को दुनिया के बेहतरीन स्कूलों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा प्राप्त करने का मौका दिया था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा हैरो और वह केंब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज से प्राप्त की, उन्होंने तीन वर्ष तक अध्ययन करके प्रकृति विज्ञान में स्नातक उपाधि प्राप्त की। उनके विषय रसायनशास्त्र, भूगर्भ विद्या और वनस्पति शास्त्र थे। केंब्रिज छोड़ने के बाद लंदन के इनर टेंपल में दो वर्ष बिताकर उन्होंने अपनी लॉ की पढ़ाई पूरी की। इंग्लैंड में उन्होंने सात साल व्यतीत किए, जिसमें उन्होंने वहां के फैबियन समाजवाद और आयरिश राष्ट्रवाद के लिए एक तर्कसंगत दृष्टिकोण विकसित किया था।

जवाहरलाल नेहरू 1912 में भारत लौटे और वकालत करना शुरू कर दिया। 1916 में उनकी शादी कमला नेहरू से हुई  सन् 1917 में जवाहरलाल व कमला नेहरू को इंदिरा के रूप में एक पुत्री की प्राप्ति हुई। 1917 में जवाहर लाल नेहरू होम रुल लीग‎ में शामिल हो गए। राजनीति में उनकी असली दीक्षा दो साल बाद 1919 में शुरू हुई जब वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के संपर्क में आए। उस समय महात्मा गांधी ने रॉलेट एक्ट के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया था। नेहरू, महात्मा गांधी के साथ लगातार देश की आजादी के लिए चलाए जाने वाले आंदोलन में सक्रिय रहे, लेकिन वो शांतिपूर्ण सविनय अवज्ञा आंदोलन के प्रति खासे आकर्षित हुए।

पंडित जवाहरलाल नेहरू देश को प्रगति के पथ पर ले जाने वाले खास पथ-प्रदर्शक थे। वो शुरू से ही गांधी जी से बहुत प्रभावित रहे और नेहरू ने महात्मा गांधी के उपदेशों के अनुसार खुद को व अपने समस्त परिवार को भी ढाल लिया था। गांधी जी के विचारों से ही प्रभावित होकर जवाहरलाल नेहरू और मोतीलाल नेहरू ने पश्चिमी कपडों और महंगी संपत्ति का त्याग कर दिया था। वे अब एक खादी का कुर्ता और गाँधी टोपी पहनने लगे। जवाहरलाल नेहरू ने 1920-1922 में असहयोग आंदोलन में सक्रिय हिस्सा लिया और इस दौरान वह पहली बार गिरफ्तार किए गए। हालांकि कुछ महीनों के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। जवाहरलाल नेहरू 1924 में इलाहाबाद नगर निगम के अध्यक्ष चुने गए और उन्होंने शहर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में दो वर्ष तक सेवा कार्य किया, लेकिन 1926 में उन्होंने ब्रिटिश अधिकारियों से सहयोग की कमी का हवाला देकर इस पद से इस्तीफा दे दिया था। वर्ष 1920 के प्रतापगढ़ के पहले किसान मोर्चे को संगठित करने का श्रेय भी जवाहरलाल नेहरू को ही जाता है। 1928 में लखनऊ में साइमन कमीशन के विरोध में नेहरू घायल हुए और 1930 के नमक आंदोलन में गिरफ्तार हुए। उन्होंने 6 माह जेल काटी। 1935 में अलमोड़ा जेल में नेहरू ने 'आत्मकथा' लिखी। नेहरू अपने जीवनकाल में कुल 9 बार जेल गये और लगभग 9 वर्ष तक 3259 दिन के बेहद लंबे समय तक वह अंग्रेजों की जेल में बंद रहे।

नेहरू ने विश्व भ्रमण किया और एक अंतरराष्ट्रीय महानायक के रूप में अपनी पहचान छोड़ी, और इस भ्रमण से ही सीखकर देश का विकास भी विश्व स्तरीय ढंग से किया। जवाहरलाल नेहरू ने 40 साल की उम्र में साल 1929 में कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। नेहरू 8 बार कांग्रेस के अध्यक्ष बने। वो 1929-30 (लाहौर अधिवेशन), 1936 (लखनऊ), 1937 (फैज़पुर), 1951 (नासिक), 1952 (दिल्ली), 1953 (हैदराबाद), 1954 (कलकत्ता) अधिवेशन में अध्यक्ष बने और उन्होंने सफलतापूर्वक कांग्रेस के अध्यक्ष पद को सुशोभित किया। नेहरू ने सन् 1929 में जब कांग्रेस अध्यक्ष का पद ग्रहण किया था, तो रावी के तट पर पूर्ण स्वराज्य का प्रस्ताव पारित किया उन्होंने कहा कि ‘हम भारत के प्रजाजन अन्य राष्ट्रों की भांति अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते हैं कि हम स्वतंत्र होकर ही रहें, अपने परिश्रम का फल स्वयं भोगें, हमें जीवन निर्वाह के लिए आवश्यक सुविधाएं प्राप्त हों, जिसमें हमें भी विकास का पूरा अवसर मिले।’  इसी अधिवेशन में भारत के पूर्ण स्वराज्य के लक्ष्य का समुचित समारोह पूर्वक और बड़े उत्साह पूर्ण ढंग से स्वागत किया गया जैसे ही 31 दिसंबर 1929 को मध्य रात्रि का घंटा बजा और कांग्रेस द्वारा कलकत्ता में 1928 में 1 वर्ष पूर्व दिए गए अल्टीमेटम की तारीख समाप्त हुई वैसे ही कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में जवाहरलाल नेहरू ने लाहौर में रावी नदी के तट पर भारतीय स्वतंत्रता का झंडा फहराया। सन् 1942 के 'भारत छोड़ो' आंदोलन में नेहरू जी 9 अगस्त 1942 को बंबई में गिरफ्तार हुए और अहमदनगर जेल में रहे, जहां वो 15 जून 1945 को रिहा किए गए। 15 अगस्त सन् 1947 में भारत को आजादी मिलने पर जवाहर लाल नेहरू को देश का प्रधानमंत्री बनाया गया। उसके बाद वो लगातार चार बार अपने जीवनकाल तक प्रधानमंत्री रहे, वह 27 मई 1964 तक 16 साल 286 दिन यानी 6130 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहे। वह भारत को उस मुकाम पर खड़ा देखना चाहते थे जहां हर भारतवासी अमनचैन, प्यार मोहब्बत, सुख और समृद्धि से सराबोर हो। देश को आजादी मिलने के तुरंत बाद ही उन्होंने देश में पहली एशियाई कांफ्रेंस बुलाई और उसमें साफ-साफ कहा कि ‘हमारा मकसद है कि दुनिया में अमनचैन और तरक्की हो, लेकिन यह तभी हो सकता है जब सब मुल्क आजाद हों और इंसानों की सब जगह सुरक्षा हो और आगे बढ़ने का मौका मिले।’ नेहरू ने 'पंचशील' का सिद्धांत प्रतिपादित किया और 1954 में वह 'भारतरत्न' से अलंकृत हुए नेहरू जी ने तटस्थ राष्ट्रों को संगठित किया और उनका सफलतापूर्वक नेतृत्व किया।
उन्होंने अपने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में देश में लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करते हुए, राष्ट्र और संविधान के धर्मनिरपेक्ष चरित्र को स्थायी भाव प्रदान किया। उनका विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश की जनता और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना हमेशा मुख्य उद्देश्य रहा।

हालांकि नेहरू पाकिस्तान और चीन के साथ भारत के संबंधों में सुधार नहीं कर पाए। उन्होंने चीन की तरफ मित्रता का हाथ भी बढ़ाया, लेकिन 1962 में चीन ने धोखे से आक्रमण कर दिया। चीन का आक्रमण जवाहरलाल नेहरू के लिए एक बड़ा झटका था और शायद इसी वजह से उनकी मौत भी हुई। जवाहरलाल नेहरू को 27 मई 1964 को दिल का दौरा पड़ा जिसमें उनकी मृत्यु हो गई, भारत को विश्व में पहचान दिलाने वाला यह सितारा हमेशा के लिए चिरनिद्रा में सो गया।

लेकिन नेहरू का पूंजीवाद, साम्राज्यवाद, जातिवाद, एवं उपनिवेश के खिलाफ संघर्ष हमेशा अनुकरणीय रहेगा। वो देश में धर्मनिरपेक्षता और भारत की जातीय एवं धार्मिक विभिन्नताओं के बावजूद भी वे देश की मौलिक एकता को लेकर सजग रहे और सभी देशवासियों को एक सूत्र में पिरोने के लिए हमेशा कार्य करते रहे। कभी ऐसा निर्णय नहीं लिया जिससे कि उन पर धार्मिक या सांप्रदायिक पक्षपात का आरोप लगे। उनका हमेशा स्पष्ट मानना था कि भारत के विकास लिए सभी लोगों को प्यार मोहब्बत से मिलजुलकर एक साथ रहना होगा। नेहरू वैज्ञानिक खोजों एवं तकनीकी विकास में गहरी अभिरुचि रखते थे उन्होंने देश के विकास में इसका खूब उपयोग किया। उन्होंने देश को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए पंचवर्षीय योजनाएं बनाईं। वे हमेशा से मानते थे कि देश के किसानों और कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान किए बिना देश को तरक्की की राह पर कभी आगे नहीं बढ़ाया जा सकता। इसलिए उन्होंने कृषि भूमि की सिंचाई के उचित प्रबंध के लिए देश में बहुउद्देश्यीय डैम परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन योजनाओं को उन्होंने आधुनिक भारत का तीर्थ कहा। साथ ही देश में रोजगार सृजन और तरक्की की राह को और आसान करने के लिए उन्होंने बड़े-बड़े विशाल शहर रूपी कल-कारखानों की स्थापना की। जो कि अधिकांश आज देश की बड़ी-बड़ी नवरत्ना कंपनी हैं। उन्होंने ही देश स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाओं का निर्माण किया।

पंडित नेहरू एक महान राजनीतिज्ञ और प्रभावशाली वक्ता ही नहीं, बल्कि महान लेखक भी थे। उनकी रचनाओं में भारत और विश्व, सोवियत रूस, विश्व इतिहास की एक झलक, भारत की एकता और स्वतंत्रता प्रचलित है लेकिन उनकी सबसे लोकप्रिय किताबों में 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' रही, जिसकी रचना 1944 में अप्रैल-सितंबर के बीच अहमदनगर की जेल में हुई। इस पुस्‍तक को नेहरू ने अंग्रज़ी में लिखा और बाद में इसे हिंदी और अन्‍य बहुत सारे भाषाओं में अनुवाद किया गया है। भारत की खोज पुस्‍तक को क्‍लासिक का दर्जा हासिल है। नेहरू जी ने इसे स्‍वतंत्रता आंदोलन के दौर में 1944 में अहमदनगर के किले में अपने 5 महीने के कारावास के दिनों में लिखा था। यह 1946 में पुस्‍तक के रूप में प्रकाशित हुई। इस पुस्‍तक में नेहरू जी ने सिंधु घाटी सभ्‍यता से लेकर भारत की आज़ादी तक विकसित हुई भारत की संस्‍कृति, धर्म और जटिल अतीत को वैज्ञानिक द्रष्टि से अपनी विलक्षण भाषा शैली में बयान किया है।

नेहरू जी ने अपने जीवनकाल में जो काम किये थे आज उसी की नींव पर बुलंद व सशक्त भारत की नई तस्वीर रची जा रही है। नेहरू का मानवीय पक्ष भी अत्यंत उदार और समावेशी था। उन्होंने देशवासियों में निर्धनों और अछूतों के प्रति सामाजिक चेतना पैदा की। हिंदू सिविल कोड में सुधार लाकर उत्तराधिकार और संपति के मामले में विधवाओं को पुरुषों के बराबर अधिकार दिया। नेहरू के कुशल नेतृत्व में, कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रीय और राज्य-स्तरीय चुनावों में लगातार प्रभुत्व दिखाते हुए और 1951, 1957, और 1962 के लगातार चुनाव जीतते हुए, देश में एक सर्व-ग्रहण पार्टी के रूप में अपनी पकड़ मजबूत की थी। उनके अन्तिम वर्षों में राजनीतिक मुसीबतों और 1962 के चीनी-भारत युद्ध में उनके नेतृत्व की असफलता के बावजूद, वे भारत के लोगों के बीच हमेशा लोकप्रिय बने रहें। यह महामानव 27 मई 1964 को देशवासियों को छोड़कर हमेशा के लिए चला गया, नेहरू ने अपनी वसीयत में लिखा था कि,

 “जब मैं मर जाऊं, तब मैं चाहता हूं कि मेरी मुट्ठीभर राख प्रयाग के संगम में बहा दी जाए, जो हिन्दुस्तान के दामन को चूमते हुए समंदर में जा मिले, लेकिन मेरी राख का ज्यादा हिस्सा हवाई जहाज से ऊपर ले जाकर खेतों में बिखरा दिया जाए, वो खेत जहां हजारों मेहनतकश इंसान काम में लगे हैं, ताकि मेरे वजूद का हर जर्रा वतन की खाक में मिलकर एक हो जाए।” 

उनकी वसीयत उनके महामानव होने का बहुत बड़ा परिचायक है। आज पुण्यतिथि पर हम माँ भारती के सच्चे सपूत जवाहर लाल नेहरू जी को कोटि-कोटि नमन् करते हुए अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

।। जय हिन्द जय भारत ।।
।। मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान ।।

गुरुवार, 21 मई 2020

22 मई पुण्यतिथि पर विशेष - राजनीति को नया आयाम प्रदान करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महावीर त्यागी

 22 मई पुण्यतिथि पर विशेष -

राजनीति को नया आयाम प्रदान करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महावीर त्यागी


दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप
स्वतंत्रता पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार

आज भारतीय राजनीति व देश की संसदीय परंपराओं को नया आयाम प्रदान करने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, निडर राजनेता, स्वत्रंत भारत के सांसद, केन्द्रीय मंत्री व अपनी बेबाक शैली के लिए देश में प्रसिद्ध कांग्रेस के वरिष्ठ राजनेता महावीर त्यागी की पुण्यतिथि है, आज हम देश की इस अनमोल धरोहर व महान हस्ती के जीवन से जुड़े कुछ संस्मरणों को याद करते हुए इस महान विभूति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। महात्मा गांधी, मोतीलाल नेहरू, जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, लाल बहादुर शास्त्री आदि के साथ बैठकर देश की हालात पर चर्चा करने वाले और देश के लिए भविष्य की नीतियों का निर्धारण करने वाले कुशल व मिलनसार व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति थे महावीर त्यागी। देश के महान स्वतंत्रता सेनानी महावीर त्यागी का देश को अंग्रेजों की गुलामी की जंजीरों से मुक्ति दिलाने में बहुत ही अहम योगदान रहा है। वो देश की आजादी के संघर्ष के दौरान कई बार लम्बे समय तक जेल में रहे हैं।

जीवन परिचय :-
बिजनौर जनपद के नूरपुर क्षेत्र के रतनगढ़ गांव निवासी महावीर त्यागी का जन्म 31 दिसंबर 1899 को मुरादाबाद जनपद के ढबारसी गांव में हुआ था। इनके पिता शिवनाथ सिंह जी गांव रतनगढ़ जिला बिजनौर के एक प्रसिद्ध ज़मीदार थे, इनकी माता जानकी देवी जी बहुत ही धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थी। वो एक अनूठे व्यक्तित्व के बेहतरीन इंसान थे। मेरठ में शिक्षा प्राप्त करने के दौरान प्रथम विश्व युद्ध के समय वो सेना की इमरजेंसी कमीशन में भर्ती हो गए और उनकी तैनाती पर्सिया यानी ईरान में कर दी गयी। आजादी के आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी जी के पद चिन्हों पर चलते हुए उनसे प्रभावित होकर, वो कांग्रेस के एक बहुत कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में आजादी के आंदोलन में कई बार जेल गए। महावीर त्यागी का विवाह 26 जुलाई 1925 को बिजनौर जनपद के गांव राजपुर नवादा के ज़मीदार परिवार की बेटी शर्मदा त्यागी से हुआ था, इनकी तीन पुत्रियां है। इनकी पत्नी शर्मदा भी पहले से ही देश सेवा में लगी हुई थी और वो 1937 में देहरादून से संयुक्त प्रांतीय असेंबली के लिए चुनी गयी थी। हालाँकि असेंबली के लिए चुने जाने के एक वर्ष के बाद ही उनका निधन हो गया था। लेकिन पत्नी के निधन के बाद भी महावीर त्यागी जी का देश सेवा का जज्बा पूर्ण जोश के साथ कायम रहा और वो लगातार देश सेवा करते रहे।

महावीर त्यागी जब तक जिंदा रहे हमेशा अपने जीवन में अपने आदर्शों पर दृढतापूर्वक अडिग रहे। चाहें वो लम्बे समय तक अंग्रेजों की जेल में रहे, लेकिन फिर भी कभी उन्होंने अपने जीवन में विकट से विकट परिस्थितियों में भी सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं किया था। वो देहरादून में बेहद लोकप्रिय थे, महावीर त्यागी को जनता के द्वारा "देहरादून का सुल्तान" की उपाधि से नवाजा गया था, देहरादून उनका अपना कार्यक्षेत्र था। देहरादून, बिजनौर (उत्तर-पश्चिम), सहारनपुर (पश्चिम) लोकसभा क्षेत्र से वर्ष 1952, 57 व 62 में सांसद रहे महावीर त्यागी, वर्ष 1951 से 53 तक वह केन्द्रीय राजस्व मंत्री रहे। वर्ष 1953 से 57 तक त्यागी जी मिनिस्टर फार डिफेंस ऑर्गेनाइजेशन (1956 तक पंडित नेहरू के पास रक्षा मंत्री का कार्यभार भी था) रहे। उनके कार्यकाल के दौरान ही देश में रक्षा सम्बंधी सामान बड़े पैमाने पर बनाने का कार्य शुरू हुआ था। वर्ष 1957 के बाद भी वह विभिन्न कमेटियों और पुनर्वास मंत्रालय आदि में रहकर देश सेवा करते रहे। 

जीवन के यादगार संस्मरण :-
वर्ष 1919 में जब देश में जलियांवाला बाग का जघन्य हत्याकांड घटित हुआ था, उस समय देश में हर तरफ अंग्रेजों के खिलाफ नफरत का ऐसा भयानक ज्वार उठा था, कि महावीर त्यागी भी अपनी फौज की नौकरी से इस्तीफा देकर चले आए थे। हालांकि बाद में अंग्रेजी सेना ने सजा के रूप में उनका कोर्ट मार्शल भी कर दिया था। लेकिन जलियांवाला बाग की घटना के बाद वो महात्मा गांधी जी के साथ देश की आजादी के आंदोलन में पूर्ण रूप से कूद गए थे। महावीर त्यागी को आजादी के आंदोलन के समय अंग्रेजों के द्वारा 11 बार गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। हालांकि वो देश पर सब कुछ कुर्बान करने की मंशा के साथ ही देश की आजादी की इस जंग में उतरे थे।

महावीर त्यागी जी की उस वक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में बहुत अच्छी पकड़ थी। महावीर त्यागी जी को एकबार किसान आंदोलन के दौरान बुलंदशहर में चार हजार लोगों की एक सभा को सम्बोधित करते वक्त गिरफ्तार कर लिया गया था, उनको गिरफ्तार करके अंग्रेजों के द्वारा भयानक यातनाएं दी गईं थी। तो अंग्रेजों के इस कृत्य की महात्मा गांधी जी ने यंग इंडिया में लेख लिखकर जबरदस्त आलोचना की थी। हालांकि उस वक्त उन पर इतनी यातनाओं की वजह बुलंदशहर के अंग्रेज मजिस्ट्रेट की उनसे व्यक्तिगत नाराजगी थी, जिसने उन पर देशद्रोह का मामला लगा दिया था और पूरी कोशिश थी कि महावीर त्यागी जी की चौधराहट वाली अकड़ को हमेशा के लिए खत्म कर सके, लेकिन बुलंद हौसले वाले व अपने जीवनकाल में एक सैन्य अधिकारी रहने वाले निड़र महावीर त्यागी जी को ना तो अंग्रेजों के आगे झुकना कुबूल था और ना ही अंग्रेजों से माफी मांगना कुबूल था। अंग्रेज मजिस्ट्रेट के साथ उनकी तनातनी और उन पर होने वाले अत्याचारों के चलते ना केवल देश की जनता की सुहानुभूति उनके साथ हुई बल्कि कांग्रेस के बड़े दिग्गज नेताओं की नजर में अब वो सीधे आ गए थे। वो जेल में मोतीलाल नेहरू के साथ भी बंद रहे थे और उनसे उनके अच्छे संबंध थे।

कांग्रेस में होने के बाद भी महावीर त्यागी के रिश्ते उस समय कांग्रेस के विरोधी रहे क्रांतिकारियों के साथ भी बहुत अच्छे थे, उनके सबसे करीबी थे सचिन्द्र नाथ सान्याल, जिनके संगठन हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन में ही चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, बटुकेश्वर दत्त और सुखदेव जैसे क्रांतिकारियों को आगे बढ़ाया था।

लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में देखें तो आज देश के संसदीय इतिहास में महावीर त्यागी सरीखे व्यक्तित्व वाले नेताओं का पूर्ण रूप से अभाव है, अब तो देश की राजनीति में चाटूकारों का जलवा है, आज के समय में हम देशवासियों को देश की राजनीति में कही भी महावीर त्यागी की तरह के ओजस्वी व्यक्तित्व के धनी स्पष्टवादी बेबाक शैली वाले तथ्यों के आधार पर अपने ही दल का विरोध करने वाले सच्चे राजनेता नजर नहीं आते हैं। महावीर त्यागी जी को अपने जीवनकाल में सरकार व सामाजिक जो भी दायित्व मिला उन्होंने हमेशा उसका पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी के साथ निर्वाह किया। वो सविधान सभा, लोकसभा, राज्य सभा व मंत्री व अन्य सभी पदों पर रहते हुए भी हमेशा अपने आदर्शों पर दृढसंकल्प के साथ अडिग रहे। देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में त्यागी जी का व्यक्तित्व बड़ा ही आकर्षक था, वो बेहद बेबाक शैली के हाजिरजवाब, सत्य के प्रहरी, ईमानदार, भावुक और निडर व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति थे। उन्होंने जिस तरह से देश की स्वतंत्रता से पूर्व के बहुत सारे जन आंदोलनों में देश सेवा के लिए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की आजादी के लिए बहुत लम्बा कारावास भी भुगता उसके लिए देश हमेशा उनका ऋणी रहेगा।

वो देश की पहली नेहरू सरकार में केंद्रीय राजस्व मंत्री रहे थे, महावीर त्यागी जी का उस समय उत्तर प्रदेश के देहरादून इलाके में कोई सानी नहीं था, सारा जिला त्यागी जी का अपना एक घर के समान था, वो आम जनमानस के बीच बहुत ही ज्यादा लोकप्रिय थे, उन्हें जो अनुचित लगता था उसका वो तर्कसंगत ढंग से जबरदस्त रूप से विरोध भी करते थे, मगर वो कभी भी अपने मन में किसी के प्रति कोई द्वेष भाव ईर्ष्या और दुराग्रह नहीं रखते।

इसी तरह जब संसद में बहस होती थी महावीर त्यागी जी हमेशा अपनी तार्किक बातों से सभी का ध्यान आकर्षित कर लेते थे, सभी उनको बेबाकी से पूर्ण वक्तव्यों को सुनने के लिए आतुर रहते थे। उनकी बेबाकी के बारे में एक वाकया बहुत प्रसिद्ध है कि वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध को लेकर जब संसद में बहस चल रही थी। उन दिनों "अक्साई चिन" के चीन के कब्जे में चले जाने को लेकर विपक्ष ने जबरदस्त हंगामा काट रखा था। लेकिन जवाहरलाल नेहरू जी ने कभी नहीं सोचा होगा कि इस मसले पर विरोध में सबसे बड़ा चेहरा उनके अपने ही मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य महावीर त्यागी के रूप में होगा। इस मसले पर जवाहर लाल नेहरू ने जब संसद में ये बयान दिया था कि "अक्साई चिन में तिनके के बराबर भी घास तक नहीं उगती, वो बंजर इलाका है इसलिए हमने छोड़ दिया है," तो उस समय संसद में महावीर त्यागी जी ने अपनी टोपी उतारकर गंजा सिर नेहरू जी को दिखाया और कहा- यहां भी कुछ नहीं उगता तो क्या मैं इसे कटवा दूं या फिर किसी और को दे दूं। सोचिए इस तार्किक जवाब को सुनकर पूरी संसद व नेहरू जी का क्या हाल हुआ होगा? 
क्या आज के समय में कोई राजनेता अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से ऐसा कह सकता है।

लेकिन यह भी सही है कि आज अगर ऐसे लोग सरकार में मंत्री हों तो विपक्ष की किसी को भी जरूरत नहीं पड़े। महावीर त्यागी जी ने हमेशा यह साबित किया कि उनके लिये व्यक्ति पूजा के बजाय देश की पूजा महत्वपूर्ण है। उनको देश की एक इंच जमीन भी किसी को देना गवारा नहीं था, चाहे वो बंजर ही क्यों ना हो। उनके लिए हमेशा देशहित सर्वोपरि था।

महावीर त्यागी जी व्यक्ति पूजा के बहुत खिलाफ रहते थे और वो व्यक्ति पूजा के खिलाफ कांग्रेस पार्टी में बोलने वालों में सबसे आगे थे। उन्होंने ही इंदिरा गांधी जी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने का बकायदा पत्र लिखकर विरोध किया था और उस समय की राजनीति के सिद्धांत देखों बाद में उन्हें उसी तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ही साल 1968 में महावीर त्यागी को पांचवें वित्त आयोग का अध्यक्ष बनाया और सन,1970 में राज्यसभा सदस्य बनाकर संसद भेजा। साल 1976 में महावीर त्यागी ने सक्रिय राजनीति से हमेशा के लिए संन्यास ले लिया था। 

लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर संसद में सत्ता पक्ष के नेताओं का किसी भी मुद्दे को लेकर एक हो जाना आम है, अब कोई भी व्यक्ति अपनी सरकार का मुद्दों पर आधारित विरोध करने की भी हिम्मत नहीं रखता है। वही देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू सरकार में शामिल रहे स्वतंत्रता सेनानी महावीर त्यागी ऐसे व्यक्ति थे, जो कई मुद्दों पर देश व समाज हित में अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा करने में पीछे नहीं रहते थे। उनका भारतीय संसद की गरिमा को एक नया आयाम देकर ऊंचाईयों पर पहुंचाने में बहुत अहम अनमोल योगदान रहा है।

देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जी की सरकार में वित्त, राजस्व और रक्षा जैसे अहम मंत्रालय संभालने वाले महावीर त्यागी जी 1967 का लोकसभा चुनाव एकदम अंजान नए चेहरे और निर्दलीय प्रत्याशी यशपाल सिंह से हार गए थे। उस समय कांग्रेस के इस दिग्गज नेता महावीर त्यागी के लिए यह चुनाव आखिरी चुनाव साबित हुआ था। उसके बाद वो फिर कभी चुनाव नहीं लड़े थे।

महावीर त्यागी जी वर्ष 1962 से 64 तक संसद की लोक लेखा समिति के चेयरमैन रहे। जनवरी 1966 में ताशकंद समझौते में हाजी पीर दर्रा जैसे कुछ सामरिक रूप से बेहद  महत्वपूर्ण स्थानों को पाकिस्तान को लौटाने की अनुमति देने पर महावीर त्यागी ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री गुलजारी लाल नंदा के मंत्रीमंडल में पुनर्वास मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था, नंदा ताशकंद समझौते के बाद लाल बहादुर शास्त्री जी के निधन के बाद कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने थे। महात्मा गांधी जी का सानिध्य पाने वाले महावीर त्यागी,  सरदार पटेल, पंडित जवाहर लाल नेहरू, रफी अहमद किदवई और मदनमोहन मालवीय जी के भी बेहद करीबी रहे। उन्होंने देश में भाषाई आधार पर राज्यों के गठन का जबरदस्त विरोध किया था।

जब वो देश की आजादी के बाद लोकसभा के लिए चुने गए और उन्हें जवाहर लाल नेहरू की केबिनेट में "मिनिस्टर ऑफ रेवेन्यू एंड एक्सपेंडीचर" बनाया गया था। तो उस समय की उनके नाम पर एक दिलचस्प उपलब्धि आज भी इतिहास में दर्ज है, इस पद पर रहते उनकी यह बेहद खास उपलब्धि थी। आज देश की हर सरकार काला धन वापस लाने के लिए समय-समय पर तरह-तरह की "वोलंटरी डिसक्लोजर स्कीम" लेकर आती है, आपको जानकर यह हैरानी होगी कि वो स्कीम पहली बार देश में महावीर त्यागी जी ही लेकर आए थे। त्यागी जी ही वो पहले व्यक्ति थे, जिसने केरल की ईएस नम्बूरापाद की सरकार को धारा 356 लगा कर गिराने का विरोध किया था। बेबाक राय रखने वाले महावीर त्यागी जी को वो बयान भी काफी चर्चित रहा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि "अगर कांग्रेस जाति या संम्प्रदाय की राजनीति में पड़ती है, तो वो अपनी कब्र खुद ही खोद लेगी।" उन्होंने पांचवे फाइनेंस कमीशन के अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए, देश की वित्त और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में काफी महत्वपूर्ण कई सुधार किए थे। अपनी जिंदगी के आखिरी समय तक वो राजनीतिक व्यवस्थाओं में लगातार सुधार के लिए काम करते रहे थे, उन्होंने एक कांग्रेसी होने के नाते न केवल जयप्रकाश नारायण जी के आंदोलन पर सवाल उठाए थे, बल्कि इंदिरा गांधी जी द्वारा देश में लगायी गई इमरजेंसी पर भी उन्होंने जमकर निशान साधा। 

वैसे उनके देशप्रेम से ओतप्रोत बहुत सारे किस्से बहुत मशहूर है। लेकिन अफसोस यह है कि ऐसी महान शख्सियत के साथ देश के इतिहासकारों व सरकार ने बहुत ज्यादा अन्याय किया है जो व्यक्ति सही मायनों में भारत माता का सच्चा सपूत था और देश के सर्वोच्च सम्मान "भारत रत्न" का हकदार था, लेकिन उनको न तो आज तक किसी सरकार ने और न ही भारत के आजादी के इतिहास में उनका तय सम्मान मिला है। 

ऐसे महान व्यक्तित्व के धनी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महावीर त्यागी जी का स्वर्गवास 22 मई 1980 को नई दिल्ली में हो गया था, इस दिन यह महापुरुष हमेशा के लिए चिरनिद्रा में सो गया था, आज पुण्यतिथि पर हम उनको कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

।।  जय हिन्द जय भारत ।।
।। मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान।।

पुण्यतिथि पर विशेष - आधुनिक भारत के शिल्पी राजीव गांधीहस्तक्षेप / दीपक कुमार त्यागीस्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार

पुण्यतिथि पर विशेष - आधुनिक भारत के शिल्पी राजीव गांधी

हस्तक्षेप / दीपक कुमार त्यागी
स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार


आधुनिक भारत के शिल्पकार के रूप में विश्व में विख्यात राजीव गांधी हमारे देश के एक ऐसे दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने हम सभी देशवासियों को 21वीं सदी के आधुनिक भारत के निर्माण का बहुत ही बेहतरीन शानदार सपना दिखाया और उसको पूरा भी किया। राजीव गांधी जी ने अपने सपने को देश के धरातल पर मूर्तरूप देकर उतारने के लिए अपने प्रधानमंत्री के बहुत छोटे कार्यकाल में ही बहुत तेजी से युद्धस्तर पर कार्य करना शुरू कर दिया था। लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था जिसके चलते उन्होंने हम से राजीव गांधी जी को असमय बहुत ही जल्दी छीन लिया, उनका असमय यूं दुनिया से चले जाना कही ना कही देश के विकास में गतिरोधक भी बना। भारतीय इतिहास में वो काला
दिन था 21 मई 1991 को जिस दिन अचानक सभी देशवासियों को अंदर तक झकझोर देने वाली खबर प्रसारित हुई की भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या तमिलनाडु के श्रीपेराम्बदूर में एक आत्मघाती विस्फोट हमले में कर दी गयी है। देश के आम व खास सभी लोगों को झकझोर देने वाली इस दुखद खबर से अचानक ही देश में हर तरफ शोक की लहर दौड़ पड़ी थी, प्रत्येक भारतवासी अवाक रह गया, करोड़ों लोग स्तब्ध रह गये कि ये देश पर अचनाक कैसा वज्रपात कैसे हो गया। उस समय देश के अधिकतर लोगों की आँखों में आंसू थे, लोगों की आँखों के ये आंसू भारत के महान सपूत अपने लाड़ले जनप्रिय नेता के लिए थे ना कि ये आंसू किसी राजनैतिक दल के नेता के लिए थे। ये उस आंसू व्यक्ति के लिए थे जिसे ये भारतवासी दिलोजान से चाहते थे, जो आतंकियों के हमले के चलते असमय काल का ग्रास बन गये थे। लोगों की ये पीढ़ा भारतीय राजनीति के उज्जवल भविष्य के उस चेहरे राजीव गांधी के लिए थी। उस दिन देश में हर तरफ शोक का गमगीन माहौल लोगों को बार-बार यह एहसास जरूर करवा रहा था कि आज देश में कोई बहुत ही बड़ी त्रासदी हुई है। राजीव गांधी के बाद कई नेताओं का दुनिया व हमारे देश में देहांत हुआ है लेकिन फिर कभी देश को वैसी पीड़ा और कष्ट शायद ही कभी हो। इस सबके लिए जिम्मेदार था राजीव गांधी जी का कुशल व्यवहार व देश के आमजनमानस के उज्जवल भविष्य के लिए दिल से सोच कर नीतियों को बनाने वाली उनकी कार्यशैली। इसलिए राजीव गांधी जी के बारे में यह कहना उचित होगा कि कु्छ लोग ताउम्र लोगों के दिलोदिमाग पर छा जाते है। राजीव गांधी भी एक ऐसी ही महान शख़्सियत थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में केवल भारत की ज़मीन पर राज ना करके बल्कि देशवासियों की सेवा करके उनके दिलों पर हुकूमत की थी। भले ही आज राजीव गांधी जी इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन फिर भी वो करोड़ों लोगों के दिलों में हमेशा ज़िंदा हैं और रहेंगे। चाहें कोई भी व्यक्ति या राजनीतिक दल उनकी छवि को खराब करने के लिए कितने भी प्रयास कर ले, लेकिन देश के विकास में उनके अनमोल योगदान को कभी भुला नहीं सकता है। आज हमारे देश में  ओछी राजनीति के चक्कर में अपने ही पूर्वजों व महापुरुषों का चरित्र हनन करने का जो फैशन चल पड़ा है वह ठीक नहीं है, हमको समझना होगा कि महापुरुष देश की अनमोल धरोहर होते है, वो किसी एक राजनीतिक दल का बपोती नहीं होते है, इतिहास को कुरेद-कुरेद कर उनकी छवि को खराब करना कहीं से भी सही नहीं है।

अपने स्वभाव से बेहद धीर गंभीर राजीव गांधी जी आधुनिक सोच और निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता वाले असाधारण व्यक्तित्व के व्यक्ति थे, वो भारत को विश्व की अत्याधुनिक तकनीकों से लैस करके भारत को ताकतवर विकसित देशों की श्रेणी में जल्द से जल्द लाना चाहते थे। राजीव अक्सर कहा करते थे कि भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखते हुए उनका सबसे बड़ा सपना इक्कीसवीं सदी के आधुनिक विकसित भारत का निर्माण करने का है।

राजीव गांधी का जीवन परिचय :-
राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त, 1944 को मुंबई में हुआ था। वे सिर्फ़ तीन साल के थे, जब देश आज़ाद हुआ और उनके नाना पंडित जवाहर लाल नेहरू आज़ाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने। राजीव गांधी ने अपना बचपन अपने नाना के साथ तीन मूर्ति हाउस में बिताया था, जहां इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री नेहरू की परिचारिका के रूप में काम करती थी। वे कुछ वक़्त के लिए देहरादून के वेल्हम स्कूल में शिक्षा प्राप्त करने के लिए भी गए, लेकिन जल्द ही उन्हें हिमालय की तलहटी में स्थित आवासीय दून स्कूल में भेज दिया गया। बाद में उनके छोटे भाई संजय गांधी को भी इसी स्कूल में भेजा गया, जहां दोनों साथ रहे। स्कूल से निकलने के बाद राजीव गांधी कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज गए, लेकिन जल्द ही वे वहां से हटकर लंदन के इम्पीरियल कॉलेज चले गए वहां उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। उनके सहपाठियों के मुताबिक़ उनके पास दर्शन, राजनीति या इतिहास से संबंधित पुस्तकें न होकर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग की बहुत सारी पुस्तकें हुआ करती थीं। हालांकि उनकी संगीत में बहुत दिलचस्पी थी उन्हें पश्चिमी और हिन्दुस्तानी शास्त्रीय और आधुनिक संगीत पसंद था। उन्हें फ़ोटोग्राफ़ी और रेडियो सुनने का भी ख़ासा शौक़ था, हवाई जहाज उड़ाना उनके जीवन का सबसे बड़ा जुनून था। इंग्लैंड से घर लौटने के बाद उन्होंने दिल्ली फ़्लाइंग क्लब की प्रवेश परीक्षा पास की और व्यावसायिक पायलट का लाइसेंस हासिल किया। इसके बाद वे 1968 में घरेलू राष्ट्रीय जहाज़ कंपनी इंडियन एयरलाइंस के सफल पायलट बन गए। बाद में उन्होंने कैम्ब्रिज में पढ़ रही इटली की एंटोनियो माइनो ( सोनिया गांधी) जो उस वक़्त वहां अंग्रेज़ी भाषा की पढ़ाई कर रही थीं से वर्ष 1968 में नई दिल्ली में शादी कर ली। वे अपने दोनों बच्चों राहुल और प्रियंका के साथ नई दिल्ली में इंदिरा गांधी के निवास पर रहकर ख़ुशी-ख़ुशी अपनी ज़िन्दगी गुज़ार रहे थे। तब ही 23 जून 1980 को एक विमान दुर्घटना में उनके भाई संजय गांधी की मौत ने उनके जीवन के हालात एकाएक बदल कर रख दिए। उन पर राजनीति में आकर अपनी माँ इंदिरा की मदद करने का जबरदस्त दबाव बनने लगा। फिर कई अंदरूनी और बाहरी चुनौतियां भी राजीव जी के सामने आईं। पहले उन्होंने इन सबका काफ़ी विरोध किया, लेकिन बाद में उन्हें अपनी माँ इंदिरा गांधी की बात माननी पड़ी और वो इस तरह न चाहते हुए भी देश की सियासत में आ ही गए। राजीव जून 1981 में अपने भाई संजय की मौत की वजह से ख़ाली हुई उत्तर प्रदेश के अमेठी लोकसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़कर विजयी बने। फिर उन्हें नवंबर 1982 में भारत में हुए एशियाई खेलों से संबंधित महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी दी गई, जिसे उन्होंने बख़ूबी अंजाम दिया। साथ ही कांग्रेस के महासचिव के तौर पर उन्होंने उसी लगन से काम करते हुए पार्टी के संगठन को अच्छे से व्यवस्थित और सक्रिय किया था।

31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की हत्या के बाद मात्र चालीस वर्ष की उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले युवा राजीव गांधी देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री थे। जब 31 अक्टूबर 1984 को वे कांग्रेस अध्यक्ष और देश के प्रधानमंत्री बने थे तो उस समय देश के सामने बहुत सारी ज्वलंत विकराल समस्याएं खड़ी थी, जैसे कि पंजाब, असम और मिजोरम अंदरूनी हिंसा में जल रहे थे।
ऑपरेशन ब्लू स्टार और इंदिरा गांधी की हत्या के बाद पंजाब और दिल्ली में सिख विरोधी दंगे चल रहे थे। अवैध प्रवासियों के खिलाफ नस्लीय हिंसा से असम भी जबरदस्त ढंग से झुलस रहा था। मिजोरम में भी विद्रोह के बिगुल बज रहे थे। लेकिन उन्होंने देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री और बेहद कम अनुभवी होते हुए कभी  भी इन सभी बेहद ज्वंलत समस्याओं से मुंह नहीं चुराया, उन्होंने अपनी व्यवहार कुशलता, सादगी और बिना अहंकार की भावना के गलतियां सुधारने की कोशिश से उन्होंने समस्याओं का धीरे-धीरे समाधान करना शुरू किया। हालांकि इस बीच उन्होंने देश में लोकसभा के चुनाव कराने का आदेश दिया और बेहद दुखी होने के बावजूद भी उन्होंने अपनी हर ज़िम्मेदारी को बख़ूबी निभाया। महीने भर की लंबी चुनावी मुहिम के दौरान उन्होंने पृथ्वी की परिधि के लगभग डेढ़ गुना के बराबर दूरी की यात्रा करते हुए देश के तक़रीबन सभी हिस्सों में जाकर 250 से अधिक जनसभाएं कीं और वह खुद देश के लाखों लोगों से रूबरू हुए। उस लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को रिकॉर्ड 401 सीटें हासिल हुई थी। जिसके बाद उन्होंने अपने इक्कीसवीं सदी के भारत के सपने को साकार करने के लिए देश के कई क्षेत्रों में बहुत तेजी से नई पहल करने की शुरुआत की, जिसमें संचार क्रांति, कंप्यूटर क्रांति, शिक्षा का प्रसार, 18 साल के युवाओं को मताधिकार, पंचायती राज आदि मुख्य रूप से शामिल हैं। राजीव गांधी जी देश की कंप्यूटर क्रांति के जनक के रूप में भी जाने जाते हैं। वे युवाओं के साथ-साथ देश के हर वर्ग की उम्र के लोगों व समाज के लोकप्रिय नेता थे। लोग उनका भाषण सुनने के लिए घंटों-घंटों तक इंतज़ार किया करते थे। राजीव गांधी के कुशल व्यवहार के उस समय के विपक्षी दलों के नेता भी भी कायल थे, वह अपने विरोधियों की मदद के लिए भी हमेशा तैयार रहते थे।
उन्होंने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में कई ऐसे महत्वपूर्ण फ़ैसले लिए, जिसका असर आज देश के विकास में स्पष्ट रूप से देखने को मिलता है। आज हर हाथ में दिखने वाला मोबाइल व हर घर में कम्प्यूटर राजीव गांधी के उन्हीं शानदार फ़ैसलों का शानदार नतीजा है। राजीव गांधी को अपनी सुरक्षा में तैनात बहुत सारे सुरक्षाकर्मियों का घेरा बिलकुल पसंद नहीं था। वे अक्सर अपनी जीप खुद ड्राइव करना पसंद करते थे। राजीव गांधी जी ने जी ने भारतीय राजनीति के पन्नों पर जब अपनी सोच, अपने सपनों को उकेरना शुरू किया, तो सबको स्पष्ट नज़र आने लगा कि उनकी सोचा देश में चल रही पुराने ढर्रे की राजनीति से बिल्कुल अलग है और वह देश को एक नया मुकाम प्रदान करेंगे।

राजीव गांधी जी ने अपने कार्यकाल में देश के निर्माण के लिए काफी महत्वपूर्ण कार्य थे। उन्हें जब वर्ष 1982 में एशियाई खेलों की आयोजन समिति में शामिल किया गया तो उन्होंने सफलतापूर्वक इन खेलों का आयोजन करा कर ज़िम्मेदारी को बख़ूबी अंजाम दिया था । राजीव गांधी जी को ही भारत में सूचना क्रांति के जनक माना जाता है, देश में कंप्यूटराइजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रांति का श्रेय उन्हें जाता है। राजीव गांधी ने वर्ष 1986 में अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में देश में आईटी और टेलीकॉम क्षेत्र में जबरदस्त क्रांति लाने का काम किया, वो सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की भूमिका को बहुत अहम मानते थे। उन्होंने ही देश में सबसे खास तकनीक कंप्यूटर के इस्तेमाल को आम आदमी के लिए करवाने की शुरुआत की थी। साइंस और टेक्नॉलोजी को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने सरकारी बजट बढ़ाए। जिसके चलते आज भी देश में रोजगार के भरपूर अवसर हम सभी भारतवासियों को सम्पूर्ण विश्व में मिल रहे है, उसी के चलते आज भारत की  अर्थव्यवस्था बहुत मजबूत हुई हैं।

राजीव गांधी ने ही वर्ष 1986 में शिक्षा का स्तर सुधारने के उद्देश्य से राष्ट्रीय शिक्षा नीति का एलान किया। जिसके चलते ही देश में जवाहर नवोदय विद्यालयों का निर्माण किया गया, जिस में आज लाखों ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अच्छी उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मिल रही है।

राजीव गांधी ने वर्ष 1986 में महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) की स्थापना की थी। जिसकी पब्लिक कॉल ऑफिस (PCO) के जरिए एक तरफ जहां देश के शहरी व ग्रामीण इलाकों में संचार सेवा का बहुत तेजी से विस्तार हुआ था वहीं दूसरी तरफ लोगों के लिए रोजगार के नये अवसर मिले थे। राजीव जी ने गांव-गांव को टेलीफोन से जोड़ने और कंप्यूटर के जरिए महीनों का काम मिनटों में करने की बात की थी राजीव गांधी का सपना था कि हमारे देश के गांव-गांव में टेलीफोन पहुंचे और कंप्‍यूटर शिक्षा का देश में जमकर प्रचार-प्रसार हो।

अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में राजीव गांधी ने देश की युवाशक्ति को अत्याधिक बढ़ावा दिया था, क्योंकि उनका मानना था कि देश का विकास युवाओं के द्वारा ही हो सकता है। देश के युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए वो हमेशा प्रयासरत रहे और उन्होंने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जवाहर रोजगार योजना शुरू की थी, जिसने देश के युवाओं की तकदीर ही बदल दी थी।

राजीव गांधी ने स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को 33% रिजर्वेशन दिलवाने का काम किया, उन्होंने मतदाता की उम्र 21 वर्ष से कम करके 18 वर्ष तक के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अधिकार दिलवाया।

राजीव गांधी ने अपने "पावर टू द पीपल" आइडिया के चलते ही देश में पंचायती राज व्यवस्था लागू करवाने की दिशा में कदम उठाये थे और उनकी इसी सोच के चलते अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) सत्रों ने हमेशा देश के लिये नीतियां बनाने की बुनियाद रखी है और फरवरी 1989 का सत्र भी इस दृष्टि से ऐतिहासिक माना जाता है, क्योंकि उस समय कांग्रेस ने संकल्प पारित किया था कि ‘‘स्वतंत्र भारत में दसवां मील का पत्थर पंचायती राज को संवैधानिक दर्जा देना है।’’ एक ही झटके में राजीव गांधी और कांग्रेस पार्टी ने ग्रामीण बेरोजगार, अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति, महिलाओं और ग्रामीण भारत के अन्य अल्पसंख्यक समूहों को संवैधानिक शासन के दायरे में ला दिया। ये सारे वर्ग ऐसे हैं जो पहले लोकतंत्र के फायदों और भारत की विकास प्रक्रिया से से लगभग अछूते रहते थे। राजीव गांधी जी के प्रयासों से देश में लोकतांत्रिक भारत की बुनियाद तैयार हो चुकी थी। यह कदम ही राजीव जी के सपनों के भारत की बुनियाद था, क्योंकि उन्होंने पंचायती राज के जरिए देश में एक साथ दो काम करके गांवों को अपने विकास का अधिकार और उसमें महिलाओं को एक तिहाई हिस्सेदारी दे दी थी।

उन्होंने देश की नौकरशाही में सुधार लाने और देश की अर्थव्यवस्था के उदारीकरण के लिए काफी कारगर क़दम उठाए। सत्ता के विकेंद्रीकरण के अलावा राजीव गांधी ने सरकारी कर्मचारियों के लिए 1989 में 5 दिन काम का प्रावधान भी देश में लागू किया था।

राजीव गांधी ने कुछ सेक्टर्स में सरकारी नियंत्रण को खत्म करने की कोशिश भी की थी। यह सब देश से बड़े पैमाने पर नियंत्रण और लाइसेंस राज के खात्मे की एक जबरदस्त शुरुआत थी।

राजीव गांधी जी ने इनकम टैक्स और कॉर्पोरेट टैक्स घटाया, देश के जटिल लाइसेंस सिस्टम को बेहद सरल किया और कंप्यूटर, ड्रग और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों से सरकारी नियंत्रण को खत्म किया। साथ ही कस्टम ड्यूटी भी घटाई और निवेशकों को बढ़ावा दिया। देश की बंद अर्थव्यवस्था को बाहरी दुनिया की खुली हवा महसूस करवाने का पहला मौका दिया, इसलिए देश में आर्थिक उदारवाद की शुरुआत करने का कुछ श्रेय राजीव गांधी जी को भी अवश्य मिलना चाहिए।

राजीव गांधी जी देश की सियासत व सिस्टम को भ्रष्टाचार से मुक्त करना चाहते थे, लेकिन यह विडंबना है कि बाद में उन्हें खुद  भ्रष्टाचार की वजह से ही अपने देश में सबसे ज़्यादा आलोचना का सामना करना पड़ा। जो देश के कुछ राजनेताओं की महरबानी से आजतक भी जारी है।

राजीव गांधी के सपनों का भारत एक सशक्त सैन्य शक्ति वाला देश था, वो विश्व में अमनचैन के पैरोकार थे, लेकिन जानते थे कि शांति और अहिंसा की बातें किसी कमजोर देश को नहीं बल्कि मजबूत देश को ही शोभा देती हैं। यही वजह है कि उन्होंने मजबूत सैन्य शक्ति वाले भारत के अपने सपने को पूरा करने के लिए देश के मिसाइल और परमाणु कार्यक्रमों की रफ्तार बढ़ाने का फैसला किया था। जिसका सकारात्मक परिणाम बाद में देशवासियों के सामने आया था।

राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में कई साहसिक क़दम उठाए, जिनमें श्रीलंका में आईपीकेएफ (शांति सेना) का भेजा जाना, असम समझौता, पंजाब समझौता, मिज़ोरम समझौता आदि शामिल हैं। इसकी वजह से ही कुछ चरमपंथी ताकतें उनकी जान की दुश्मन बन गयी थी। नतीजतन, श्रीलंका में सलामी गारद के निरीक्षण के वक़्त उन पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वो बाल-बाल बच गए थे।

साल 1989 में उन्होंने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था, भारत का दिल कहलाने वाले गांवों की याद आज सभी राजनीतिक पार्टियों को आने लगती है, अपनी राजनीतिक साख को बचाने के लिए जिस तरह से नेता शहर से निकलकर गांवों के चक्कर लगाने लगे हैं, उसकी शुरूआत भी राजीव गांधी जी ने बहुत पहले ही कर दी थी। 31 अक्टूबर 1984 से 2 दिसम्बर 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री की गद्दी संभालने वाले राजीव ने 1989 में अपनी हार के बाद दिल्ली दरबार से बाहर निकलने का फैसला किया था ।

राजीव गांधी ने भ्रष्टाचार को देश के विकास का सबसे बड़ा दुश्मन बताया था. उनका सबसे चर्चित बयान था कि "सरकार के आवंटित एक रुपये में से सिर्फ 15 पैसे ही गाँव तक पहुंचते हैं" वो पहले ऐसे नेता थे जिन्होंने सरकारी तंत्र के इस भ्रष्टाचार को इतना करीब से पहचाना और खुलकर सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकार किया। भ्रष्टाचार से निपटने के लिए राजीव गांधी ने कठोर कानूनों को सख्ती से लागू कराया, जो उस समय देश में व्याप्त भ्रष्टाचार को रोकने में ताकतवर भी साबित हुए। यही नहीं उन्होंने दल-बदल विरोधी कानून भी लागू कराया जिससे राजनीति में भ्रष्टाचार पर रोक लग सके। हालांकि बाद में राजीव गांधी पर खुद भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे। उन पर बोफोर्स तोप की खरीद में घूस लेने के आरोप लगे, लेकिन ये आरोप देश की सर्वोच्च अदालत में कभी साबित नहीं हो पाए और आखिरकार उनकी मौत के कई वर्ष बाद देश की सर्वोच्च अदालत ने उन्हें अपने फैसले में बेगुनाह बताया था, लेकिन आज भी कुछ राजनेता उन पर आरोप लगाते रहते है।

राजीव गांधी जब देश में आगामी आम चुनाव के प्रचार के लिए  21 मई, 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेराम्बदूर गए, जहां एक आत्मघाती हमले में उनकी मौत हो गई और भारत के लिए नई सदी की सोच का सपना लिए कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हमेशा-हमेशा के लिए खामोश हो गए। लेकिन तब तक नई सोच के इस नौजवान नेता ने भारत को प्रगति की एक नयी राह पर बाखूबी चलना सिखा दिया था। जिसे आज के भारत में हम बखूबी महसूस कर सकते हैं। राजीव गांधी की देश सेवा को राष्ट्र ने उनके दुनिया से विदा होने के बाद स्वीकार करते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया, जिसे श्रीमती सोनिया गांधी ने 6 जुलाई, 1991 को अपने पति की ओर से ग्रहण किया था।

राजीव गांधी कहते थे कि -
"भारत एक प्राचीन देश, लेकिन एक युवा राष्ट्र है,
मैं जवान हूँ और मेरा भी एक सपना है,
मेरा सपना है भारत को मजबूत, स्वतंत्र,
आत्मनिर्भर
और दुनिया के सभी देशों में से प्रथम रैंक
में लाना और मानव जाति की सेवा करना।"

वो किसानों के बारे में कहते थे कि -
यदि किसान कमजोर हो जाते हैं तो देश
आत्मनिर्भरता खो देता है, लेकिन अगर
वे मजबूत हैं तो देश की स्वतंत्रता भी मजबूत हो जाती है। अगर हम कृषि की प्रगति को बरकरार नहीं रख पाए तो देश से हम गरीबी नहीं मिटा पाएंगे। लेकिन हमारा सबसे बड़ा कार्यक्रम गरीबी
उन्मूलन हमारे किसानों के जीवन स्तर में
सुधार लायेगा। गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम का मकसद किसानों का उत्थान करना है।

आज राजीव गांधी जी की हत्या को वर्षों हो गए हैं। इन वर्षों में भारत राजीव के सपनों का देश बना है या नहीं, यह कहना बहुत मुश्किल होगा। राजीव ने ही कभी भारत को मजबूत, महफूज़ और तरक्की की राह पर रफ्तार से दौड़ता मुल्क बनाने का सपना देखा था। देश की तरक्की पसंद राजीव ने ही कभी भारत को विश्व समुदाय व वक्त के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना सिखाया था। वो अपनी आधुनिक सोच के बलबूते भारत की तकदीर बदलने वाले कुशल शिल्पी थे, राजीव गांधी देश को अत्याधुनिक नवीनतम तकनीक से लैस करके इक्कीसवीं सदी का आधुनिक भारत बनाने का सपने देखते थे और हमेशा उसी रास्ते पर आगे भी बढ़े। यह कहना गलत नहीं होगा कि आज जिस भारत में हम सांस ले रहे हैं। जिस आधुनिक भारत का लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है, जिस भारत पर आज पूरी दुनिया की नजरें इनायत हैं। जिस भारत को आने वाले कल की विश्वशक्ति माना जा रहा है और कहा जा रहा है कि भविष्य में एक बार फिर भारत पूरे विश्व को एक नई राह दिखाएगा, इस स्थिति की ठोस नींव रखने का श्रेय भारत माता के महान सपूत राजीव गांधी को ही जाता है।
आज पुण्यतिथि पर उनको चंद पंक्तियों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ-

"वो आधुनिक भारत के थे शिल्पकार
उनके थे देशहित में उच्च विचार
करते थे वो अपनी जन्मभूमि से प्यार
लाते थे देश के विकास के लिए नयी
आधुनिक तकनीक व उच्च विचार
ऐसे थे राजीव गांधी भारत के शिल्पकार।"


।।जय हिन्द जय भारत ।।
।। मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान ।।

बुधवार, 20 मई 2020

पुण्यतिथि पर विशेष - स्वदेशी आंदोलन के अग्रणी महानायक राष्ट्रवादी दिव्यद्रष्टा बिपिन चन्द्र पाल

पुण्यतिथि पर विशेष - 

स्वदेशी आंदोलन के अग्रणी महानायक राष्ट्रवादी दिव्यद्रष्टा बिपिन चन्द्र पाल

दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप
स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार

हमारे देश की आजादी में 'गरम दल' के 'लाल-बाल-पाल' की मशहूर तिकड़ी की बहुत ही अहम भूमिका मानी जाती है, इस महान तिकड़ी में 'लाल' थे लाला लाजपत राय, 'बाल' थे बालगंगाधर तिलक और 'पाल' थे बिपिन चन्द्र पाल, इन सभी महान क्रांतिकारियों के नाम भारतीय स्वाधीनता संग्राम आंदोलन के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखे गए हैं। इस तिकड़ी के बिपिन चन्द्र पाल को एक राष्ट्रवादी दिव्यद्रष्टा नेता होने के साथ-साथ, क्रांतिकारी, समाज-सुधारक, शिक्षक, निर्भीक पत्रकार, उच्च कोटि का लेखक व  कुशल वक्ता माना जाता था। बिपिन चन्द्र पाल ने अपना सम्पूर्ण जीवन माँ भारती की सेवा में समर्पित कर दिया था, वो देश की आजादी के लिए समर्पित एक महान क्रांतिकारी योद्धा थे। उन्होंने अपने सशक्त प्रयासों से देश में अंग्रेजी हुकुमत की चूलें हिला देने का कार्य किया था, उनको देश में क्रांतिकारी विचारों का जनक माना जाता था, वो देश में स्वदेशी आंदोलन के सूत्राधार व उसके अग्रणी महानायकों में से एक थे। क्रांतिकारी बिपिन चन्द्र पाल देश की उन महान विभूतियों में शामिल हैं जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन की मजबूत बुनियाद रखने में अपनी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

जीवन परिचय :- 
बिपिन चन्द्र पाल जी का जन्म 7 नवंबर 1858 में बंगाल के एक धनवान जमींदार कायस्थ हिन्दू परिवार में हुआ था। इनका जन्म स्थान अविभाजित भारत के हबीबगंज जनपद के सिलहट के पोइल गाँव में हुआ था, वर्तमान में इस जनपद का कुछ भाग बांग्लादेश एवं कुछ भाग असम में आता हैं। इनके पिता रामचन्द्र पाल फारसी के विद्वान थे और इनकी माता नारायणी देवी थी।

बिपिन चन्द्र पाल की प्रारम्भिक शिक्षा एक मौलवी के सानिध्य में हुई थी, बाद में उन्होंने सेंट पॉल कैथेड्रल मिशन कॉलेज कलकत्ता में अध्यन किया था, लेकिन कुछ कारणों की वजह से उनको पढ़ाई बीच में ही छोड़ देनी पड़ी थी, वह वर्ष 1879 में एक विद्यालय मे पढ़ाने का कार्य करने लगे, उन्होंने कोलकाता में पुस्तकालय में भी काम किया था। वह एक बहुत ही विद्वान व्यक्ति थे उन्हें पढ़ने व लिखने का बहुत शौक था, उन्होंने गीता, उपनिषद आदि ग्रन्थों का अध्ययन किया था। 

उन्होंने अपने जीवनकाल में कलमकार के रूप में लेखन व संपादन का बहुत कार्य किया था। उनकी कुछ प्रमुख रचनाएं इस प्रकार हैं - इंडियन नेस्नलिज्म, नैस्नल्टी एंड एम्पायर, स्वराज एंड द प्रेजेंट सिचुएशन, द बेसिस ऑफ़ रिफार्म, द सोल ऑफ़ इंडिया, द न्यू स्पिरिट, स्टडीज इन हिन्दुइस्म, क्वीन विक्टोरिया आदि का लेखन किया था।

उन्होंने अपने जीवन में एक पत्रकार व संपादक के रूप में बहुत कार्य किया था। उन्होंने सिलहट से निकलने वाले 'परिदर्शक' नामक साप्ताहिक में कार्य आरम्भ किया। उनके द्वारा संपादित कुछ प्रमुख पत्रिकाएं इस प्रकार हैं - परिदर्शक, बंगाल पब्लिक ओपिनियन, लाहौर ट्रिब्यून, द न्यू इंडिया, द इंडिपेंडेंट इंडिया, बन्देमातरम, स्वराज, द हिन्दू रिव्यु , द डैमोक्रैट, बंगाली आदि थी।

बिपिन चन्द्र पाल बहुत ही छोटी आयु में ही ब्रह्म समाज में शामिल हो गए थे और समाज के अन्य सदस्यों की भांति वो भी उस समय देश में व्याप्त सामाजिक बुराइयों, जातिवाद और रुढ़िवादी परंपराओं का खुलकर विरोध करने लगे। उनका विरोध केवल शब्दों तक ही सीमित नहीं था, अपितु उनके आचरण में भी यह स्पष्ट रूप से साफ दिखाई देता था। उन्होंने बहुत ही छोटी उम्र में देश में जाति के आधार पर होने वाले भेदभाव के खिलाफ दमदार ढंग से आवाज उठायी और अपने से ऊंची जाति वाली एक विधवा महिला से विवाह किया था, हालांकि उनके परिवार ने इस विवाह का बहुत अधिक विरोध किया था, लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी को मान-सम्मान दिलाने और अपने विचारों को मान देने की खातिर अपने परिवार तक को भी त्याग दिया था। बिपिन चन्द्र पाल अपनी धुन के बहुत पक्के थे, इसलिए उन्होंने बहुत अधिक पारिवारिक और सामाजिक दबाओं के बावजूद भी कोई समझौता नहीं किया था।

महान क्रांतिकारी बिपिन चन्द्र पाल ने 1905 के बंगाल विभाजन के विरोध में अंग्रेजी हूकूमत के खिलाफ चलने वाले आंदोलन में बहुत बड़ा योगदान दिया था, उन्होंने अंग्रेजों की सत्ता को हिला दिया था, इस आंदोलन को उस समय जन समुदाय का बहुत बड़े पैमाने पर व्यापक समर्थन मिला था। बिपिन चंद्र पाल 1886 में कांग्रेस में शामिल हुए। उन्होंने देश में स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग और विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार की नीति को अपनाकर आजादी की लड़ाई के नयी धार देने का काम किया था।

अंग्रेजों की औपनिवेशिकवाद नीति के खिलाफ पहले लोकप्रिय जनांदोलन को शुरू करने का श्रेय इन्हीं तीनों की महान तिकड़ी को ही जाता है। इन लोगों ने ब्रिटिश शासकों तक भारत की जनता व अपना सन्देश पहुंचाने के लिए विरोध के बेहद कठोर उपायों को अपनाकर अंग्रेजी शासकों को सबक सिखाने का काम किया था, उस समय लाल-बाल-पाल की महान तिकड़ी ने महसूस किया था कि भारत में बिकने वाले विदेशी उत्पादों से देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और भारत के लोगों का काम भी छिन रहा है। अपने 'गरम' विचारों के लिए मशहूर बिपिन चन्द्र पाल ने लाला लाजपतराय व बाल गंगाधर तिलक के साथ मिलकर, देश में स्वदेशी आन्दोलन को भरपूर बढ़ावा दिया और ब्रिटेन में तैयार सभी वस्तुओं का बहिष्कार भारतीयों से करवाया, उन्होंने मैनचेस्टर की मिलों में बने कपड़ों से परहेज करने के लिए देश के लोगों को प्रेरित किया, विदेशी कपडों की सार्वजनिक रूप से होली जलवायी और औद्योगिक तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हड़ताल, तालाबंदी आदि के अपने सशक्त हथियारों से ब्रिटिश हुकुमत की नीद उड़ाकर भारत में उनकी सत्ता को हिलाकर अंग्रेजों को जबरदस्त चुनौती दी थी। 

देश की आजादी के लिए राष्ट्रीय आंदोलन के शुरूआती सालों में ‘गरम दल’ की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही थी, क्योंकि इनकी भूमिका से देश में आजादी के आंदोलन को एक नई दिशा मिली थी और उनके प्रयासों से देश के लोगों के बीच आजादी प्राप्त करने के लिए जागरुकता बढ़ी। बिपिन चन्द्र पाल ने राष्ट्रीय आंदोलन के दौरान देश की आम जनता में जागरुकता पैदा करने में बहुत अहम भूमिका निभाई थी। उनका मानना था कि ‘नरम दल’ के हथियार ‘प्रेयर-पीटिशन’ से देश को स्वराज नहीं मिलने वाला है, बल्कि स्वराज के लिए हमकों विदेशी हुकुमत पर करारा प्रहार करना पड़ेगा। इसी कारण उन्हें देश की आजादी के इतिहास में क्रांतिकारी विचारों का जनक कहा जाता है। उनका भारत पर राज करने वाली अंग्रेजी हुकुमत में बिलकुल भी विश्वास नहीं था और उनका हमेशा मानना था कि विनती और असहयोग जैसे हथियारों से अंग्रेजों जैसी विदेशी ताकत को पराजित नहीं किया जा सकता। इसी कारण उनका महात्मा गाँधी जी के साथ वैचारिक मतभेद था। वो किसी के विचारों से असहमत होने पर वह उस से अपने विचार व्यक्त करने में पीछे नहीं रहते। यहाँ तक कि विचारों से सहमत नहीं होने पर उन्होंने महात्मा गाँधी जी के कुछ विचारों का विरोध भी किया था।

उन्होंने क्रांतिकारी पत्रिका ‘बन्दे मातरम’ की स्थापना भी की थी। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की गरफ्तारी और स्वदेशी आन्दोलन के बाद, अंग्रेजों की दमनकारी निति के बाद वे इंग्लैंड चले गए। वहाँ जाकर वह क्रान्तिकारी विचार धारा वाले ‘इंडिया हाउस’ से जुड़ गए, जिसकी स्थापना श्यामजी कृष्ण वर्मा ने की थी और उन्होंने वहां ‘स्वराज’ पत्रिका का प्रकाशन प्रारंभ किया। जब क्रांतिकारी मदन लाल ढींगरा ने सन 1909 में अंग्रेज अधिकारी कर्ज़न वाइली की हत्या कर दी तब ‘स्वराज’ का प्रकाशन बंद कर दिया गया और लंदन में बिपिन को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा था। 

वो केशवचंद्र सेन, शिवनाथ शास्त्री, एस.एन.बनर्जी और बी.के.गोस्वामी, महर्षि अरविंद, लाला लाजपतराय व बाल गंगाधर तिलक आदि जैसे नेताओं से बहुत अधिक प्रभावित थे, उन्होंने 1904 के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बम्बई सत्र, 1905  के बंगाल विभाजन आंदोलन, देश के महत्वपूर्ण स्वदेशी आंदोलन, असहयोग आंदोलन और 1923 की बंगाल की संधि में पूर्ण उत्साह के साथ भाग लिया था। उनको वंदे मातरम् राजद्रोह के मामले में अरविन्द घोष के खिलाफ गवाही देने से इंकार करने पर छह महीने की सजा हुई थी। लेकिन इसके बाद भी उन्होंने गवाही देने से इंकार कर दिया था। अपने जीवन के अंतिम समय में वो कुछ सालों के लिए कांग्रेस से अलग हो गए थे। जीवन भर भारत की आजादी के लिए संघर्ष करने वाला यह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, देश की आजादी की जंग का महानायक का स्वतन्त्र भारत के स्वप्न को अपने मन में लिए 20 मई 1932 को कलकत्ता में स्वर्ग सिधार कर हमेशा के लिए चिरनिद्रा में सोकर अमर हो गया, और इस प्रकार भारत ने अपना एक महान और जुझारू राष्ट्रवादी स्वतंत्रता सेनानी खो दिया। जिसको तत्कालीन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के युद्ध में एक अपूरणीय क्षति के रूप में माना जाता है। आज हम पुण्यतिथि पर देश की आजादी के महानायक बिपिन चन्द्र पाल को कोटि-कोटि नमन करते हुए उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

।। जय हिन्द जय भारत ।।
।। मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान ।।

मंगलवार, 19 मई 2020

स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए देश के कर्ताधर्ताओं को खुद पेश करनी होगी नजीर



स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए देश के कर्ताधर्ताओं को खुद पेश करनी होगी नजीर

हस्तक्षेप / दीपक कुमार त्यागी
स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार


कोरोना वायरस (कोविड़-19) महामारी के संक्रमण से लोगों की जिंदगियों को बचने के लिए लगाए गये बेहद आवश्यक सम्पूर्ण लॉकडाउन ने विश्व के अधिकांश देशों की वित्तीय स्थिति खराब कर दी है। एक अदृश्य मानव सभ्यता के दुश्मन घातक कोरोना वायरस ने आज दुनिया के सभी देशों की अर्थव्यवस्थाओं को बहुत ही बुरी तरह से अस्त-व्यस्त करके ध्वस्त कर दिया है। हमारे देश की अर्थव्यवस्था भी उसके प्रभाव से अछूती नहीं है, आज हमारे देश की अर्थव्यवस्था को भी बहुत ही ज्यादा मुश्किल हालात के दौर से गुजरना पड़ रहा है। हमारे देश के दिग्गज नीतिनिर्माता लगातार अर्थव्यवस्था को बेहतर करने के लिए धरातल पर तरह-तरह के प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय को भारत के लिए एक बहुत ही अच्छे व्यापारिक मौके के रूप में देख रहे हैं। 12 मई को प्रधानमंत्री मोदी ने अपने राष्‍ट्र के नाम संबोधन में देश की आम जनता से कहा था कि संकट के इस दौर में "लोकल" ने ही हमें बचाया है, स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों ने ही हमें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया है, हमें इसे ही अपने आत्मनिर्भर बनने का मंत्र बनाना चाहिये, अपने संबोधन में उन्होंने पहली बार "लोकल पर वोकल" का एक नया नारा भी देश की सम्मानित जनता को दिया है। वैसे आज के हालात में देखा जाये तो यह देश के सभी वर्गों के लोगों के बहुत ज्यादा हित में है, स्वदेशी वस्तु अपनाने से भारत की अपनी कंपनियों को बहुत अधिक लाभ होगा, इस से विदेशी कंपनियों के माध्यम से देश का विदेशों में जाने वाले पैसे पर रोक लगेगी, स्वदेशी अपनाने से यह पैसा भारतीय कंपनियों के माध्यम से भारत में ही रहेगा, सरकार को भी विभिन्न मद्दों में भारी राजस्व प्राप्त होगा और इन भारतीय कंपनियों में काम करने वाले भारतीय कामगारों की जेब में भी खूब पैसा आयेगा। जिससे देश में भयंकर आपदा के समय बेहद कमजोर होती भारतीय अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए एक बहुत बड़ा सहारा मिलेगा, देश प्रधानमंत्री मोदी के दिये गये आत्मनिर्भरता के मंत्र की तरफ बढेगा। भारत में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा देखा गया यह सपना अगर किसी तरह से धरातल पर मूर्त रूप लेने में कामयाब हो जाये, तो यह 135 करोड़ की भारी-भरकम जनसंख्या वाले बहुत ही विशाल भारतीय बाजार के साथ-साथ हम सभी देशवासियों की भी तकदीर बदल सकता है।

लेकिन इस में सबसे बड़ी अड़चन अगर कोई है तो वह स्वयं देश के सिस्टम में बड़े पदों पर आसीन वो चंद ताकतवर लोगों खुद ही है, जिनका विदेशी वस्तुओं से प्रेम देश में किसी से छिपा नहीं है। जिन्होंने विदेशी महंगी वस्तुओं को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल कर रखा है, जिनके हिसाब से भारतीय कंपनियों के प्रोडक्ट्स उनके स्टेट्स सिंबल को डाउन करते है, जो खुद व उनका परिवार भारतीय कंपनियों के सामान खरीदने में अपनी तोहीन समझते है और विदेशी वस्तुओं को खरीदने में अपनी बहुत शान समझते है, आज देश में इन लोगों की स्थित यह है की ये कपड़े, जूते, पर्स, बेल्ट, टाई, पर्फ्यूम, साबुन, चाकलेट, कोल्डड्रिंक, चाय, कॉफी, शराब, दवाई, मोबाइल, पेन, कम्प्यूटर, लेपटॉप,  अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, चश्मा, घड़ी, गाड़ी आदि तो विदेशी खरीदते ही है इनको ड्राइफ्रूट्स, फल-फूल व सब्जी भी विदेशी चाहिए। सरकार को देश में स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस सबसे बड़ी बाधा का स्थाई निदान तत्काल करना होगा। सरकार के सिस्टम को भी भाषण से बाहर निकाल कर स्वदेशी वस्तुओं के प्रोत्साहन के लिए धरातल पर अमलीजामा पहनाने की पहल खुद से करनी होगी, उनको खुद के इस्तेमाल में सबसे पहले स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना होगा, देश के शीर्षस्थ राजनेताओं, नौकरशाहों व सरकारी कार्यालयों के द्वारा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देकर देशवासियों के सामने नजीर पेश करनी होगी, तब ही अन्य सरकारी स्टाफ व देश की आम जनता उनका अनुसरण करेगी और तभी स्वदेशी वस्तुओं के हित में धरातल पर कुछ ठोस बदलाव भी संभव है। वैसे भी हमारे यहां एक बहुत प्राचीन कहावत है कि "यथा राजा तथा प्रजा"  जैसा राजा होता है वैसी ही प्रजा होती है, इसलिए यदि राजा स्वयं अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करने लगेगा, तो जनता भी उसी का अनुसरण करेगी। वैसे स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल के पक्ष में देश के केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने तुरंत ही धरातल पर बहुत ही अच्छी पहल शुरू कर दी है, उन्होंने 1 जून से केन्द्रीय सुरक्षाबलों की केंटीन में केवल स्वदेशी वस्तुओं को बेचने का आदेश जारी करके अन्य विभागों के सामने एक बहुत ही अच्छी नजीर पेश की है। अब दूसरे सरकारी विभागों को भी उनका अनुसरण करना चाहिए।

जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए सभी देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए कहा था, आपदाकाल के बाद देश को पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की यह पहल भविष्य में हम सभी भारतवासियों के लिए बहुत ही सकारात्मक अच्छे परिणाम ला सकती है। लेकिन सोचने वाली बात यह है कि आखिर देश में स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल को बढ़ावा वास्तव में धरातल पर कैसे मिलेगा, उसके प्रोत्साहन के लिए केंद्र सरकार व राज्य सरकारें मिलकर क्या रूपरेखा तैयार करती हैं और उनको किस तरह से धरातल पर अमलीजामा पहनाती है। क्योंकि आज देश में बहुत ही लम्बे समय से सरकारों की नीतियों के चलते ही विदेशी कंपनियों ने भारतीय बाजार के बहुत बड़े हिस्से पर कब्जा कर रखा हैं। सरकार को भी अपनी नीतियों में स्वदेशी कंपनियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान धरातल पर करना होगा। क्योंकि आज जो हालात है कि  एक तरफ तो सरकार कह रही है कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाओं, वहीं दूसरी तरफ धड़ल्ले से विदेशी उत्पाद भारत के बाजारों में आ रहे हैं, आज उनसे देश के बाजार भरे पड़े है, जिसके बारे में सरकार को जल्द ही सोचकर स्पष्ट नीति बनानी होगी। वैसे भी आज देश में विदेशी वस्तुओं के पक्ष में जो माहौल बना हुआ है, वह भारतीय वस्तुओं के लिए ठीक नहीं है, सरकार को लोगों की उस सोच को बदलना होगा। लेकिन यह जब तक संभव नहीं है जब तक हमारे देश के कुछ बहुत बड़े राजनेताओं, बहुत ताकतवर नौकरशाहों, देश के कर्ताधर्ता नीतिनिर्माता, खुद उधोगपतियों, अभिनेताओं व अन्य अधिकांश सभी वर्ग के ताकतवर लोगों को अपने देश की स्वदेशी वस्तुओं का इस्तेमाल करने में तोहीन नजर आती रहेगी, तब तक स्वदेशी वस्तुओं का प्रचार-प्रसार व उपयोग धरातल पर कैसे संभव है, हमारे सिस्टम को इन सभी लोगों की यह मानसिकता बदलनी होगी। क्योंकि आज यह सभी ताकतवर लोग ही देश के आम आदमी को स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल की बात बनाने रहे है, जबकि वह खुद सिर से लेकर पांव तक करोड़ों रुपये की विदेशी वस्तुओं से हर समय ढ़के रहते हैं। फिर वो आम-आदमी से किस अधिकार के साथ उम्मीद कैसे कर सकते है कि वो 50 रुपये की चीन की झालर ना खरीदकर विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करें। देश के सक्षम लोगों को स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए खुद देशभक्ति का नमूना धरातल पर दिखाना होगा, तभी देश में स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलेगा और देश आत्मनिर्भर बनेगा। देश में ऐसा नहीं होना चाहिए कि अरबों रुपये की प्रतिमा से लेकर लडा़कू विमान तक के बड़े-बड़े मोटे पैसे वाले काम तो चीन या अन्य विदेशी कंपनियां करें, हजारों करोड़ रुपये के मूल्य का एयरपोर्ट विदेशी कंपनी बनाये, बड़े-बड़े अरबों-खरबों रुपये के टेंडर तो विदेशी कंपनियों को मिलेंगे, देश में डिजिटल पैमेंट करने के लिए विदेशी कंपनियों को प्रोत्साहित करेंगे, एफडीआई को जबरदस्त रूप से बढ़ावा देंगे। तो ऐसे नकारात्मक माहौल में भारतीय कंपनियों को प्रोत्साहन किस तरह मिल पायेगा, वो इतने नकारात्मक माहौल में विदेशी कंपनियों को किस तरह धरातल पर टक्कर दे पायेंगे यह सोचने व समझने वाली बात है। खैर जो भी है लेकिन यह भी कड़वा सच है कि अगर 135 करोड़ लोगों की आबादी बिना सरकार के दिशा निर्देशों के भी स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल की ठान ले तो विदेशी कंपनियों की दुकान खुद चलनी बंद हो जायेगी और स्वदेशी वस्तुएं बाजार में स्थापित हो जायेगी। सरकार का "लोकल पर वोकल" व देश को आत्मनिर्भर बनाने का उद्देश्य भी पूरा हो जायेगा। इसलिए अब भविष्य में जो भी सामना खरीदकर लाओं तो एक बार प्रयास अवश्य करों कि वो स्वदेशी हो। अब देश की आर्थिक स्थिति को सही करने के लिए हम सभी देशवासियों को देशहित में "स्वदेशी अपनाओं और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाओं" नीति पर अपने मन व दृढ़संकल्प से अमल करके भारत को आत्मनिर्भर बनाना होगा।

।। जय हिन्द जय भारत ।।
।। मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान ।।

बुधवार, 13 मई 2020

नाकाम व्यवस्था व लचर सिस्टम की भेंट चढ़ते देश के शिल्पकार मजदूर हस्तक्षेप / दीपक कुमार त्यागी स्वतंत्र पत्रकार, स्तंभकार व रचनाकार





 
कोरोना के चलते देश में लॉकडाउन 3 का समय चल रहा है, देश में हर तरफ जान बचाने के लिए अजीब खामोशी व्याप्त है। लेकिन यही खामोशी लगातार देश के मजदूर वर्ग की अनमोल जिंदगियों पर भारी पड़ रही है। लॉकडाउन के चलते अपनी रोजीरोटी व जमा पूंजी गंवा चुके देश के शिल्पकार मजदूरों पर नाकाम व्यवस्था व लचर सिस्टम की जानलेवा मार पड़ रही है, देश के सिस्टम में व्याप्त अव्यवस्था के चलते उन बेचारों की अनमोल जानें जा रही है। लेकिन अफसोस बेचारे गरीब लाचार जिंदा मजदूर की जिंदगी का देश के सिस्टम में कोई मोल नहीं है, लेकिन दुर्भाग्य से मरने के पश्चात सरकार के द्वारा उनको दी जाने वाली मुआवजे की धनराशि सरकार के सरकारी खजानों में मौजूद है। लॉकडाउन की वजह से रोजगार खत्म होने के चलते बेहद परेशान मजदूर भूखे-प्यासे तिल-तिल कर मरने के लिए मजबूर है, सिस्टम धृतराष्ट्र की तरह चुपचाप महलों में बैठकर मजदूरों पर अत्याचार होता देख रहा है। सिस्टम के द्वारा मजदूरों के लिए लॉकडाउन के लगभग 45 दिन बीतने के बाद भी कोई अच्छी व्यवस्था नहीं बन पा रही हैं। किंतु उनके मृत शरीर को लाने की व्यवस्था सरकार के द्वारा की जा रही है, मरने के बाद उनकी जान का मोल लगाया जा रहा है। जिस तरह से महाराष्ट्र के औरंगाबाद में 8 मई के तड़के दुर्घटना में मजदूर मारे गये थे, उसके बाद भयंकर आपदा के समय में भी देश में राजनीति चरम पर है, जिस तरह से कुछ मजदूरों का एक दल अपने घर मध्यप्रदेश जाने के लिए महाराष्ट्र के जालना से 60 किलोमीटर दूर भुसावल रेलवे स्टेशन पर श्रमिक स्पेशल ट्रेन पकड़ कर अपने घर जाने के लिए निकला था, तो उन बेचारे लाचार मजबूर 16 मजदूरों की यह यात्रा मालगाड़ी की चपेट में आने के कारण जीवन की अंतिम यात्रा बन जायेगी, शायद किसी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा। इस बेहद दर्दनाक घटना के घटित होने बाद देश में मजदूरों के हितों के नाम पर मजदूरों का हितेषी बनने के लिए राजनीतिक दलों में राजनीति बहुत तेज हो गयी है। लेकिन इन बेचारे लाचार जिंदा मजदूरों के लिए शायद हमारे देश के कर्ताधर्ताओं, सत्ता के शीर्ष पर उनकी वोटों के बदोलत बैठे राजनेताओं व सिस्टम के पास उनका दुख दर्द व जीवन यापन में आ रही दुश्वारियों को समझने का वक्त नहीं था, आज वही सारा सिस्टम उनके लिए घड़ियाली आँसू बहा रहा है, वह उनकों श्रद्धांजलि अर्पित करके अपने कदम की बखूबी इतिश्री कर रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताते हुए मृतक मजदूरों के परिवार को 5-5 लाख रुपए देने की घोषणा कर दी, साथ ही मध्य प्रदेश सरकार ने एक विशेष विमान से एक टीम औरंगाबाद भी भेजी थी। इस टीम ने जिंदा बचे घायल मजदूरों के उपचार सहित मृतक मजदूरों के शवों को लाने व उनके अंतिम संस्कार करने की समुचित व्यवस्था की थी। मध्य प्रदेश के बाद महाराष्ट्र सरकार ने भी मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा कर दी। सिस्टम के मारे इन गरीब लाचार मजदूरों पर 45 किलोमीटर पैदल चलने के बाद थकान इतनी हावी हो गयी थी कि इन्हें मालगाड़ी के आने का पता ही नहीं चल पाया और ये बेचारे गहरी नींद में सोते रहे और उनके ऊपर से मालगाड़ी गुजर गई। हादसे के बाद जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने के लिए सरकार ने उच्च स्तरीय जाचं के आदेश दे दिये हैं, जाचं में किसी छोटे से निर्दोष मुलाजिम को बली का बकरा बनाकर खानापूर्ति कर ली जायेगी। लेकिन सबसे दुखद व अफसोस की बात यह है कि जिन लोगों को सरकार जिंदा रहते घर वापसी के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं करवा रही थी, आज वही सरकार उनकी मृत देह को घर पहुंचाने के लिए स्पेशल ट्रेन चलवाती है। हालात देखकर लगता है कि देश में जिंदा मजदूर की अनमोल जिंदगी का हमारे सिस्टम के कर्ताधर्ताओं की नजरों में शायद ही कोई मोल हो।

मैं महामारी के समय में दर-दर की ठोकर खाने पर मजबूर हो गये लाचार गरीब मजदूरों की इस बेबसी की हालात पर अपनी चंद पक्तियों के माध्यम से देश के नीतिनिर्माताओं से कहना चाहता हूँ कि-

"मैं देश का निर्माण करने वाला
मेहनतकश हिम्मती शिल्पकार हूँ 
मैं बुलंद हौसले वाला एक मजदूर हूँ
घर वापसी के लिए पैदल चलते-चलते
पड़ गये मेरे पांव में छाले पड़ गये मेरी रोटी के लाले
हे देश के भाग्यविधाता सरकार व सिस्टम
आपदाकाल में मेरे दुख दर्द से यूं ना खेलों
मेरी हिम्मत को सिस्टम तुम यूं ना इरादतन तोड़ों
हे भाग्यविधाता मूझे यूं मजबूर व लाचार ना बनाओं
मुझे अपने ही देश में यूं पराया इंसान ना बनाओं ।।

कोरोना जैसी भयावह महामारी के समय में आज सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि देश के सिस्टम को जब कोई मजदूर जिंदा शहरों से वापस घर जाने के लिए निकलता तब उसका कष्ट नजर क्यों नहीं आता है। मजदूर सड़क मार्ग पर नजर आता है तो उसको पुलिस मारती है, रेलवे लाईन या अन्य वैकल्पिक मार्गों पर जाता है तो उसको उस बेहद कठिन मार्ग की दुश्वारियां और मजदूर लाचारी मारती है। जिस तरह से आपदाकाल में मजदूरों की जिंदगी पर उनकी मजबूरी लाचारी गरीबी भारी पड़ने की खबरें देश के अलग-अलग भागों से आ रही है, वह देशहित में व समाजहित में बिल्कुल भी उचित नहीं है, आने वाले समय में उसके दूरगामी परिणाम नजर आयेंगे, हम महानगरों में काम करवाने के लिए मजदूरों के लिए तरस जायेंगे। जिस तरह से कोई मजदूर साईकिल पर जाते हुए दम तोड़ रहा है, कोई पैदल जाते हुए दम तोड़ रहा है, वह उनकी बेबसी व हमारे देश के सिस्टम की खामी को उजागर कर रहा है। अपना घरबार छोड़कर रोजीरोटी की तलाश में अपने घरों से दूर आकर देश के विकास में बहूमूल्य भागीदारी निभाने वालें मेहनतकश मजदूर अब व्यवस्था व सिस्टम की लापरवाही और जीवन बचाने की लाचारी के चलते दिन-प्रतिदिन मजबूर होते जा रहे है। हमारे देश में लगभग 50 करोड़ मजदूर हैं, जिनके कंधों पर देश का उज्जवल भविष्य टिका हुआ है, जिनके दुख दर्द को समय रहते हमारे देश के कर्ताधर्ता, नीतिनिर्माता व सिस्टम को अच्छे ढंग से समझना होगा। 
 
देश में लॉकडाउन चलते अब धीरे-धीरे लगभग 45 दिन हो गये है और हमारा सिस्टम अभी तक भी मजदूरों को यह विश्वास दिलाने में नाकाम रहा है कि आप जहां हो वहां आराम से रहो, आपकी रोजीरोटी सुरक्षित है, सरकार उसका पूर्ण रूप से ध्यान रखेगी, हमारे सिस्टम की हनक व राजशाही कार्यशैली अधिकांश जगह गरीब मजदूरों का विश्वास जीतने में नाकाम रही है, क्योंकि वह उनके जीवन के लिए आवश्यक जरूरतों को समय से पूरा करने में नाकाम रहा है। इसलिए मजदूर तेजी से शहरों को छोड़कर अपने घर गांवों की ओर पलायन कर रहे हैं। रही-सही कसर लॉकडाउन के दौरान कुछ ज्यादा बुद्धिमान लोगों की जमात ने देश की रीढ़ मजदूरों को अपने ही देश में प्रवासी मजदूरों का दर्जा देखकर बेगाना बनाकर पूरी कर दी है, उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को कम करने के लिए स्थानीय मजदूर व अन्य राज्यों के मजदूरों के बीच दिवार खड़ी करने का कार्य किया है, जिसके चलते कही ना कही सिस्टम का प्रवासी मजदूरों के साथ सौतेलापन का रवैया रहा। जिससे उनका सिस्टम पर विश्वास कम हुआ। 

लॉकडाउन शुरू होती ही सभी सरकारों को स्पष्ट नजर आ रहा था कि अगर उन्होंने मजदूरों को वापस जाने दिया तो आने वाले समय में दोबारा कल-कारखानों को चालू करना व अन्य कार्यों के लिए मजदूरों को वापस लाना आसानी से संभव नहीं है। उसके चलते सभी राज्यों के द्वारा प्रवासी मजदूरों को लेकर जो आधाअधूरे मन से मदद करने का रवैया अपनाया गया है, वह कही से भी बिल्कुल ठीक नहीं है। अधिकांश राज्यों ने पहले तो मजदूरों को समझाबुझाकर नियम कायदे कानून का हवाला देकर रोककर रखा और फिर जब लगातार लॉकडाउन बढ़ता देखा तो उसने बहुत ही गैरजिम्मेदाराना तरीके से व चतुराई से मजदूरों की जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ने का प्रयास किया, जो आपदा के समय में कही से भी उचित नहीं है। अब स्थिति यह हो रही है बड़ी संख्या में मजदूर अपने घर वापस जाने के लिए उतावले है, जिसके मद्देनजर केंद्र सरकार के द्वारा ट्रेन चलवाई गयी है, तो वहां पर भी खाली जेब वाले लाचार गरीब मजदूरों से टिकट के दाम वसूले जा रहे है, मजदूरों के टिकट के मसले को लेकर देश में  राजनीतिक दलों में जमकर झूठ-प्रपंच की ओछी राजनीति भी हो रही है। वहीं हमारी बेहद दयावान सरकार का कमाल देखों वह विदेशों से तो लोगों को तो बिना पैसा लिये ला रही है और देश में फंसे मजबूर लाचार खाली जेब वाले गरीब मजदूरों से घर वापसी के पैसे ले रही है। मतलब विदेश में फंसे पैसे वाले लोगों को वापस घर लाने के लिए एक बहुत ही अच्छा "वंदे भारत मिशन" चलाया जा रहा है और वहीं दूसरी तरफ देश में फंसे लाचार गरीब मजदूरों की घर वापसी के लिए अघोषित "ड़डे मारों मिशन" चलाकर मजदूर को जबरन रोका जा रहा है। देश में मजदूरों की मौजूदा हालात को देखकर यह स्पष्ट है कि कोई भावी इतिहासकार जब इस समय का इतिहास लिखेगा तो वह इसे मजदूरों को बंधक बनाये रखने के रुप में इतिहास में दर्ज करेगा। देश की तरक्की को नयी दिशा देने वाले मजदूरों के साथ बंधकों की तरह का व्यवहार कही से भी न्यायोचित नहीं है।

वैसे अगर हमारे देश के नीतिनिर्माता चाहें तो हमारी रेलवे की क्षमता इतनी है कि वो कुछ दिनों में ही सारे मजदूरों को वापस उनके घर पहुंचाने की क्षमता रखती है। बस दिक्कत है तो केवल सरकार के स्तर पर दृढ इच्छा शक्ति की है और देश के नीतिनिर्माताओं के स्तर पर समय से निर्णय लेने की क्षमता की है। अगर सरकार के स्तर पर समय से यह फैसला हो जाता तो केवल कुछ ही दिनों में रेलवे के द्वारा सारे मजदूरों को घरों तक पहुंचाए जा सकता था और देश में मजदूरों की घबराहट के चलते बने आपाधापी के माहौल से बचा जा सकता था। वैसे भी आज के समय में सारी ट्रेन खाली खड़ी है और सरकार चाहे तो जो सिस्टम रोज भारी संख्या में लोगों को ढोता था उसी रेलवे के द्वारा मजदूरों को सोशल डिस्टेंसिंग बनाते हुए उनके गंतव्य स्थल तक बेहद आसानी से पहुंचाया जा सकता है। वैसे भी कोरोना काल में ट्रेन के अलावा देश में परिवहन के बाकी सभी साधन फिर भी बहुत ज्यादा खतरों से भरे हैं। इसलिए अभी भी सरकार को उहापोह की स्थिति से बाहर निकलकर मजदूरों के बारे में समय रहते स्पष्ट रणनीति बनानी चाहिए। सरकार को इस कन्फ्यूजन से बाहर निकलना होगा कि मजदूर को रोकना है या घर वापस भेजना है, रोकना है तो उनकी रोजीरोटी का इंतजाम अच्छे से करना होगा और घर वापस भेजना है तो निशुल्क रेल सेवा को तैयार करना होगा। तब ही पैदल, साईकिल, रिक्शा, थ्रीव्हीलर, ढेली व मालवाहक वाहनों में छिपकर जान की बाजी लगाकर श्रमिको का जाना रुकेगा। नहीं तो कोरोना के चलते उत्पन्न आपदाकाल में अपनी लाचारी मजबूरी व गरीबी से परेशान देश के शिल्पकार मजदूरों के साथ आयेदिन तरह-तरह के दर्दनाक हादसे घटित होते रहेंगे और सरकार बाद में मृतकों के परिजनों को मुआवजा धनराशि बाट़कर अपनी सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन बहुत अच्छे से करके अपने दायित्वों को निभाती रहेगी।

।।जय हिन्द जय भारत।।
।। मेरा भारत मेरी शान मेरी पहचान।।